ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। हाल ही में पुलिस ने ग्राम पंचायत बसोली में एक घर के किचन गार्डन से अफीम के पौधे बरामद कर एक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।

सरसों और प्याज के बीच अफीम के पौधे

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बसोली गांव में एक व्यक्ति ने अपने किचन गार्डन में सरसों और प्याज के बीच अफीम के पौधे उगाए हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा और कुल 128 अफीम के पौधे बरामद किए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस के हत्थे चढ़े दो नशा तस्कर, भारी मात्रा में चरस-चिट्टा हुआ बरामद

घर पर पुलिस का छापा

जब पुलिस ने घर पर दबिश दी तो आरोपी गुरदीप चंद हक्का-बक्का रह गया। पुलिस को क्यारी में बिना चीरा लगे डोडों के साथ अफीम के पौधे मिले। आरोपी के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

बड़े नेटवर्क का हाथ

जब पुलिस ने छापा मारा, तब आरोपी की पत्नी अनीता देवी भी मौके पर मौजूद थी। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी अकेले इस अवैध खेती में शामिल था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : नशे ने बुझाया एक और घर का चिराग, युवक की जेब से मिली नशीली दवाइयां

जड़ से खत्म होगा काला कारोबार

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की अवैध खेती करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी।

स्थानीय लोगों में मचा हड़कंप

इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों का कहना है कि नशे का कारोबार समाज के लिए घातक है और पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों पर नकेल कसने में मदद मिलेगी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त रहा है या नहीं।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें