ऊना। उम्र के जिस पड़ाव पर लोग परिवार के साथ सुकून भरी जिंदगी बिताने की उम्मीद करते हैं, उसी उम्र में हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
एक महिला अचानक घर से गायब हो गई और शुरुआती जांच में जो बातें सामने आईं, उन्होंने परिवार के साथ-साथ पुलिस को भी हैरान कर दिया। परिवार का दावा है कि बुजुर्ग महिला किसी व्यक्ति के साथ फरार हो गई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पर फिर मंडराया खतरा : अगले 6 दिन भारी बारिश और फ्लैश फ्लड का हाई अलर्ट जारी
बेटे का आरोप- पंजाबी के साथ भागी मां
अंब उपमंडल में 60 वर्षीय महिला अपने घर से अचानक लापता हो गई। महिला के बेटे ने आरोप लगाया है कि पंजाब का एक शादीशुदा व्यक्ति उसकी मां को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
गांव में पहले से था व्यक्ति का आना-जाना
पुलिस को दी शिकायत में महिला के बेटे ने बताया कि पंजाब निवासी उक्त व्यक्ति का उनके गांव में पहले से ही आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने पहले से योजना बनाकर सोमवार रात घर छोड़ दिया।
यह भी पढ़ें- मां चिंतपूर्णी के दरबार में आस्था की बारिश : भक्तों ने ऑनलाइन चढ़ाया करोड़ों का चढ़ावा
महिला का 40 साल का बेटा और बेटी
महिला के परिवार में उसका 40 वर्षीय बेटा और एक बेटी है। दोनों बच्चों की शादी हो चुकी है। मंगलवार सुबह जब महिला घर पर नहीं मिली तो परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद थाना अंब में शिकायत दर्ज कराई गई।
पंजाब पहुंची पुलिस, आरोपी भी घर से गायब
शिकायत मिलने के बाद पुलिस की टीम पंजाब में आरोपी के घर पहुंची। वहां पता चला कि वह व्यक्ति भी उसी रात से अपने घर से गायब है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह घर से कुछ आभूषण भी साथ ले गया है। इससे पुलिस को दोनों के साथ होने की आशंका और मजबूत हुई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में भगवान भरोसे पढ़ाई...सरकारी शिक्षक अपनी सैलरी से रख रहे प्री-प्राइमरी टीचर
महिला की सहेली से भी हुई पूछताछ
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि महिला की एक सहेली को दोनों के बीच चल रही नजदीकियों की पहले से जानकारी थी। पुलिस ने बुधवार को उससे भी पूछताछ की है और मामले से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है।
क्या बोली पुलिस?
DSP अंब अनिल पटियाल ने बताया कि महिला के लापता होने की शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें लगातार संभावित स्थानों पर तलाश कर रही हैं और जल्द ही महिला का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
