#विविध
July 16, 2026
मां चिंतपूर्णी के दरबार में आस्था की बारिश : भक्तों ने ऑनलाइन चढ़ाया करोड़ों का चढ़ावा
जनवरी से जून तक मंदिर में चढ़ा 18 करोड़ 29 लाख रुपये का नकद चढ़ावा
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना स्थित मां चिंतपूर्णी शक्तिपीठ में करोड़ों श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। आस्था के केंद्र माने जाने वाले मां के इस दरबार में भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती है, इसलिए देश ही नहीं बल्कि विदशों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां शीश नवाने पहुंचते हैं।
मंदिर परिसर में बदलते दौर के साथ डिजिटल सेवा भी शुरू की गई थी। जिससे भक्त मंदिर तक नहीं पहुंच पा रहे, वे घर बैठे ही मां के चरणों में चढ़ावा अर्पित कर रहे हैं। यही वजह है कि बीते साल मंदिर ट्रस्ट को ऑनलाइन माध्यम से 1 करोड़ रुपए से अधिक का दान प्राप्त हुआ है।
मंदिर ट्रस्ट के अनुसार वर्ष 2025 के दौरान श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन माध्यम से कुल 1 करोड़ 16 लाख 96 हजार 442 रुपये का दान किया। यह राशि मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं के बढ़ते विश्वास और डिजिटल सेवाओं की लोकप्रियता को दर्शाती है। वहीं वर्ष 2026 में जनवरी से जून के बीच श्रद्धालुओं ने मंदिर में नकद रूप से 18 करोड़ 29 लाख रुपये का चढ़ावा भी अर्पित किया है।
ऑनलाइन सुविधा के जरिए श्रद्धालु केवल दान ही नहीं बल्कि घर बैठे प्रसाद भी मंगवा रहे हैं। ट्रस्ट के अनुसार सामान्य ऑनलाइन दान के तहत 1 करोड़ 2 लाख 47 हजार 845 रुपये प्राप्त हुए।
वहीं ऑनलाइन प्रसाद योजना के माध्यम से 6 लाख 78 हजार 597 रुपये का प्रसाद श्रद्धालुओं ने बुक कराया, जिसे मंदिर ट्रस्ट ने उनके घर तक पहुंचाया। इसके अलावा गोसेवा के लिए भी भक्तों ने ऑनलाइन माध्यम से 7 लाख 70 हजार रुपये का सहयोग दिया।
मां चिंतपूर्णी मंदिर में ऑनलाइन दान और अन्य डिजिटल सुविधाओं की शुरुआत वर्ष 2018 में की गई थी। इसका उद्देश्य देश-विदेश में रहने वाले उन श्रद्धालुओं को सुविधा देना था, जो किसी कारणवश मंदिर नहीं आ पाते। अब श्रद्धालु मंदिर ट्रस्ट की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन दान, प्रसाद बुकिंग और मां के दर्शन जैसी सुविधाओं का लाभ घर बैठे उठा रहे हैं।