ऊना। हिमाचल प्रदेश में लगातार बाहरी राज्यों से नशा तस्करी हो रही है। इसका ताजा उदाहरण हिमाचल के ऊना जिला से सामने आया है। यहां रात के अंधेरे में चिट्टा बेचने निकले दो पंजाबी युवकों की योजना उस समय नाकाम हो गई, जब ऊना पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए उन्हें दबोच लिया। जिले के बंगाणा क्षेत्र में हुई इस गिरफ्तारी ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सीमावर्ती इलाकों से हिमाचल में नशे का जाल किस तरह फैलाया जा रहा है।

रात के अंधेरे में बेचने निकले थे चिट्टा

जानकारी के अनुसार बंगाणा थाना पुलिस की टीम शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात नियमित गश्त पर थी। एएसआई जोगिंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस दल डुमखर क्षेत्र में पुराने पुल के आसपास निगरानी कर रहा था। इसी दौरान हनुमान मंदिर के समीप दो युवक संदिग्ध हालत में घूमते नजर आए। पुलिस ने जब उन्हें रोककर तलाशी ली तो उनके पास से 7.86 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला, विकास कार्यों पर भी खर्च होगा मंदिरों का धन; हाईकोर्ट जाने की तैयारी

पंजब के रहने वाले दोनों आरोपी

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पंजाब के होशियारपुर जिले के रहने वाले हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये युवक रात के समय हिमाचल में नशीले पदार्थ की सप्लाई देने के इरादे से निकले थे। पुलिस को शक है कि इनके पीछे नशा तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है, जो सीमावर्ती इलाकों के जरिए हिमाचल में चिट्टा पहुंचा रहा है।

हिरासत में लिए दोनों आरोपी

पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में लेकर बंगाणा थाना पहुंचाया और उनके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ के दौरान पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

 

यह भी पढ़ें : ईमानदारी की सजा! हिमाचल में रिश्वत न लेने पर पटवारी को पीटा- कुर्सी से घसीटकर की धुनाई

क्या कहते हैं पुलिस अधीक्षक ऊना

ऊना के पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ जिले में लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पंजाब से आकर हिमाचल में नशे की सप्लाई करने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और यदि किसी बड़े नेटवर्क के तार जुड़े पाए गए तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें :  धर्मशाला छात्रा मौ*त मामला उलझा- क्लासमेट ने खोले कई राज, क्या झूठ बोल रहा कॉलेज प्रबंधन?

 

पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में रात के समय गश्त को और मजबूत किया जाएगा ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। इस कार्रवाई से एक बार फिर यह साफ हो गया है कि हिमाचल पुलिस नशा तस्करों के मंसूबों को किसी भी सूरत में कामयाब नहीं होने देगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें