जवाली (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में चोरों ने एक परिवार के घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। जवाली पुलिस थाना क्षेत्र की पनालथ पंचायत के हरसर बाजार के समीप हुई इस चोरी में चोर घर से करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और छह लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। एक ही रात में करीब 21 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने से इलाके में भी हड़कंप मच गया है।

 

चोरों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब परिवार के सदस्य घर में ही सो रहे थे। चोरों ने बंद कमरों की खिड़कियों की लोहे की ग्रिल काटकर अंदर प्रवेश किया और बड़ी सफाई से पेटी व अलमारी में रखे गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

परिवार सोता रहा, चोर खंगालते रहे कमरे

जानकारी के अनुसार शकुंतला देवी पत्नी स्वर्गीय कर्म चंद अपने परिवार के साथ घर में रहती हैं। शनिवार रात को परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। शकुंतला देवी साथ लगते कमरे में सोई थीं, जबकि उनके बेटे अमित कुमार और उनकी पत्नी दूसरे कमरे में सो रहे थे। सुबह जब परिवार के सदस्यों ने बंद कमरों को खोला तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और घर में रखे कीमती सामान गायब थे। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने दोनों कमरों की खिड़कियों की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया था।

 

यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू को पद से हटाना चाहते हैं उनके अपने मंत्री.. इसलिए जा रहे दिल्ली, जयराम ठाकुर का तंज

15 लाख के गहने और 6 लाख कैश गायब

पीड़ित परिवार के अनुसार चोरों ने शकुंतला देवी के गहने उस पेटी से चोरी किए, जिसमें उन्होंने अपने आभूषण सुरक्षित रखे थे। वहीं अमित कुमार और उनकी पत्नी के गहने अलमारी से चोरी किए गए। परिवार के मुताबिक चोरी हुए सोने-चांदी के गहनों की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये है। इसके अलावा घर में रखी करीब छह लाख रुपये की नकदी भी चोर अपने साथ ले गए। 

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार बिजली बिलों से भर रही खाली खजाना! सेस-शुल्क से 2151.46 करोड़ की हुई कमाई


अमित कुमार के अनुसार यह नकदी उन्होंने घर में चल रहे काम के लिए रखी थी। इस तरह चोरी की इस वारदात में परिवार को करीब 21 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

चोरों का कटर मौके पर ही छूटा

वारदात को अंजाम देने के दौरान चोरों ने खिड़कियों की ग्रिल काटने के लिए कटर का इस्तेमाल किया। खास बात यह है कि चोरों का कटर मौके पर ही रह गया। पुलिस ने इसे भी जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना है और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

 

यह भी पढ़ें : श्रीनयना देवी मंदिर की रसोई में पहुंचे SDM : पुजारी ने जड़े आरोप, क्या सच में भंग हुई परंपरा...जानें

CCTV में कैद हुए तीन संदिग्ध

वारदात के बाद जब आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो साथ लगते घर में लगे कैमरे में तीन संदिग्ध नजर आए। बताया जा रहा है कि फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध आपस में पंजाबी भाषा में बातचीत कर रहे हैं। CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस अब इन संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में शामिल लोग स्थानीय थे या बाहर से आए थे।

यह भी पढ़ें- हिमाचल की जनता को बड़ी राहत : अब 45 नहीं 25 दिन बाद भरवा सकेंगे दूसरा गैस सिलेंडर

पंचायत प्रधान ने दी पुलिस को सूचना

चोरी का पता चलने के बाद परिवार ने इसकी जानकारी पंचायत प्रधान संदला देवी को दी। पंचायत प्रधान मौके पर पहुंचीं और घर का निरीक्षण करने के बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने चोरी की वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को भी जांच के दायरे में लिया है।

यह भी पढ़ें- मणिमहेश यात्रा करने निकले दो दोस्त : देर रात गहरी खाई समाई में बाइक, दोनों की मौ**त

परिवार के घर में बड़ी सेंध से उठे सवाल

एक ही घर से लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी होने की इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे अहम बात यह है कि परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे, इसके बावजूद चोर खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती CCTV फुटेज में दिखाई दे रहे तीन संदिग्धों तक पहुंचने की है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या चोरों ने वारदात से पहले घर की रेकी की थी या उन्हें घर में रखे गहनों और नकदी के बारे में कोई जानकारी थी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें