कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में कई लोगों ने अपने घरों में कमरे किराए पर चढ़ाए हुए हैं। ऐसे में बहुत बार ऐसे मामले सामने आते हैं कि किराएदार कोई बड़ा कांड कर देते हैं और मालिक मकान को कानों-कान खबर तक नहीं होने देते हैं। ऐसा ही कुछ कुल्लू जिले में हुआ है- जहां पर मालिक मकान के होश तब उड़े जब उसके घर पर पुलिस आ धमकी।
किराए के मकान में छिपा नशा तस्कर
इतना ही नहीं पुलिस टीम ने घर पर रहने वाले किराएदार के कमरे से चरस का जखीरा भी बरामद किया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। मालिक मकान को यकीन नहीं हो रहा था कि उसके घर पर एक नशा तस्कर रह रहा था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : बड़ी डील करने जा रहे थे दो यार, कार की सीट के नीचे छुपाई थी लाखों की चरस
पुलिस को मिली गुप्त सूचना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भुंतर पुलिस टीम ने ये कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की है। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि बड़ा भूईन क्षेत्र के वार्ड नंबर-4 में एक रिहायशी मकान में किराएदार के पास नशे की खेप रखी हुई है।इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान में छापा मारा। इस दौरान मकान की तीसरी मंजिल पर किराए के कमरे में रह रहे युवक के कब्जे से पुलिस टीम ने चरस का जखीरा बरामद किया।
610 ग्राम चरस बरामद
बताया जा रहा है कि युवक ने पुलिस को आते देख दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। पुलिस टीम काफी देर तक दरवाजा खटखटाती रही, लेकिन युवक ने दरवाजा नहीं खोला। मगर पुलिस टीम ने किसी तरह दरवाजा खोल लिया।
यह भी पढ़ें : कुल्लू दशहरा में 365 साल बाद ये देवता साहिब होंगे शामिल, 200 KM की पैदल यात्रा करेंगे तय
पुलिस टीम को देखकर युवक घबरा गया।शक के आधार पर पुलिस टीम ने उसके कमरे की जांच शुरु की। तलाशी के दौरान कमरे से एक कैरी बैग बरामद हुआ- जिसे आरोपी ने छिपाकर रखा था। पुलिस ने जब कैरी बैग खोलकर देखा तो उसमें 610 ग्राम चरस पाई गई।
आरोपी की पहचान
इसके बाद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए किराएदार को मौके पर ही अरेस्ट कर लिया। आरोपी की पहचान राजकुमार (32) पुत्र धर्म चंद के रूप मे हुई है- जो कि वार्ड नंबर-2, गांव सुईभरा, जिला कुल्लू का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : गिरफ्तारी से बचने के लिए SDM ने खटखटाया हाईकोर्ट का दरवाजा, क्या मिलेगी जमानत?
SP कुल्लू ने की मामले की पुष्टि
SP कुल्लू डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि यह चरस आरोपी ने कहां से प्राप्त की और इसे किन लोगों को देने वाला था। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।
प्रशासनिक कार्रवाई में तेजी
उन्होंने कहा कि जिला में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज कर दिया गया है और ऐसे किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा जो नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त पाया जाता है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में नशा तस्करों में दहशत का माहौल है।
