मंडी। हिमाचल सरकार के 'चिट्टा-मुक्त हिमाचल' अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) कुल्लू ने मंडी जिले में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यहां पर टीम ने चिट्टे के साथ एक महिला तस्कर और एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना के बाद घर पर मारा छापा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला मंडी के नगवाईं इलाके से सामने आया है। यहां पर पुलिस टीम गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। STF कुल्लू की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि नगवाईं इलाके के एक घर में चिट्टा रखा गया है। सूचना मिलते ही टीम ने औट थाना क्षेत्र के तहत आने वाले नगवाईं में एक मकान पर छापा मारा।
यह भी पढ़ें-हिमाचल: बिना स्कूल उद्घाटन किए वापस लौटे शिक्षा मंत्री, कोर्ट पहुंचा मामला-सरकार से मांगा जवाब
तलाशी में मिला 11.1 ग्राम चिट्टा
छापेमारी के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वहां से 11.1 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। मौके से मंडी निवासी 27 वर्षीय विवेक कुमार और कुल्लू जिले की एक युवती को गिरफ्तार कर लिया गया।
NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। STF कुल्लू के DSP हेम राज वर्मा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें- लो जी! फिर बंद होने जा रहे हैं HRTC के 48 रूट, हजारों यात्रियों की बढ़ेगी मुश्किलें
सप्लाई चेन और नेटवर्क की होगी जांच
STF अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से आया, इसकी सप्लाई कौन कर रहा था और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही नशे के कारोबार से जुड़े पैसों के लेन-देन की भी जांच की जा रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
नशा तस्करों पर आगे भी रहेगी सख्ती
STF ने साफ किया है कि 'चिट्टा-मुक्त हिमाचल' अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
