सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के अंतर्गत आते पुलिस थाना परवाणू में स्थित शिवालिक होटल के पास एक नाले में शनिवार को एक शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान धीरज गौड़ (49) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
27 फरवरी से चल रहा था लापता
बताया जा रहा है कि धीरज गौड़ पिछले पांच दिनों से लापता थे। धीरज गौड़ बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के अहीरवालिया गांव के निवासी थे। 27 फरवरी को वह घर से लापता हो गए थे। उनके परिजनों ने 28 फरवरी को पुलिस थाना परवाणू में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू दिल्ली दौरे पर: नए संगठन को लेकर करेंगे चर्चा, शिमला बैठे नेताओं की धुकधुकी बढ़ी
नाले में मिली देह
रिपोर्ट के बाद पुलिस ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन इस दौरान शनिवार को उनके शव के मिलने की सूचना मिली। शनिवार को नाले में शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। शव को देखकर पुलिस ने मृतक की पत्नी को मौके पर बुलाया। पत्नी ने शव की पहचान अपने पति धीरज गौड़ के रूप में की। इस घटना ने परिवार में कोहराम मचा दिया और सभी हैरान रह गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड- अब इन महीनों में पड़ेगी प्रचंड गर्मी, हीटवेव छुड़ाएगी पसीने
पुलिस की जांच जारी
एसपी सोलन, गौरव सिंह ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई अस्पताल भेज दिया है। उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और किसी भी पहलू को नज़रअंदाज नहीं किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही इस घटना के कारणों का पता चल पाएगा। इस मामले को लेकर पुलिस ने मृतक के परिजनों से भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
