सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर ज़िले के माजरा थाना क्षेत्र से एक रौंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। घरेलू कलह ने इस बार रिश्तों को शर्मसार करते हुए एक बुज़ुर्ग महिला की जान ले ली। बहू ने गुस्से में आकर सास का सिर लोहे की चारपाई पर दे मारा, जिससे बुज़ुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
परात को लेकर हुआ झगड़ा
मामला बुधवार शाम करीब 7 बजे का है। बानो देवी अपने झोपड़ी के बाहर बैठी थीं, तभी उनकी बहू 'बोकडी' ने उन पर आरोप लगाया कि उन्होंने उसके घर से परात (बर्तन) चुराया है। मामूली सी बात पर बहस इतनी बढ़ गई कि बोकडी ने गुस्से में आकर सास को बालों से पकड़कर उनका सिर लोहे की चारपाई से दे मारा और फिर उनके पीठ और गर्दन पर लगातार मुक्के बरसाए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में थमा वेतन और भत्तों का पहिया, केंद्र ने घटाया फंड- कटौती की चपेट में मनरेगा कर्मी
सास की कर दी हत्या
बानो देवी ज़मीन पर गिर पड़ीं और बेहोश हो गईं। जब परिजनों ने उन्हें देखा, तो उनकी सांसें थम चुकी थीं। गुलनाज और सादिका नाम की दो पोतियों ने रात करीब 9:58 बजे माजरा थाना पहुंचकर वारदात की जानकारी दी।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए पांवटा साहिब भेजा। आरोपी बहू बोकडी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया गया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें : प्रतिभा सिंह की कुर्सी को खतरा? दिल्ली में आज बड़ी बैठक- किसे मिलेगी सरदारी, यहां जानें
दो हफ्तों में घरेलू हिंसा से दूसरी हत्या
पांवटा साहिब के डीएसपी मानवेन्द्र ठाकुर ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी महिला अब पुलिस हिरासत में है। गौरतलब है कि सिरमौर ज़िले में दो सप्ताह के भीतर घरेलू हिंसा से यह दूसरी हत्या है। इससे पहले संगड़ाह के नोहराधार इलाके में मारपीट की घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई थी।
