सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बिजली चोरी के मामलों में कार्रवाई करने गई बिजली बोर्ड की टीम पर हमला होने की एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां पर लोगों ने JE और लाइमैन के साथ मारपीट कर दी है।
JE और लाइनमैन के साथ मारपीट
यह वारदात पुरुवाला पुलिस थाना के अंतर्गत भंगानी पंचायत के मेहरूवाला गांव में घटित हुई, जहां बिजली बोर्ड की टीम को स्थानीय लोगों ने न केवल विरोध का सामना करना पड़ा, बल्कि दो कनिष्ठ अभियंताओं JE के साथ मारपीट भी की गई। हमला इतना उग्र था कि टीम को अपनी जान बचाकर मौके से भागना पड़ा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल हाईकोर्ट का बड़ा फैसला : शादी का झूठा वादा और बार-बार टालना रे*प का आधार नहीं
घरों ने की थी बिजली चोरी
जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग की यह टीम मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1100 पर दर्ज करवाई गई एक शिकायत की जांच करने के लिए वीरवार सुबह लगभग 11 बजे गांव मेहरूवाला पहुंची थी। टीम का नेतृत्व कनिष्ठ अभियंता कुशल भाटिया और कनिष्ठ अभियंता पीयूष ठाकुर कर रहे थे। टीम ने जब मौके पर जांच शुरू की, तो पाया कि इलियास नामक व्यक्ति के घर सहित आस-पास के चार घरों में अवैध रूप से बिजली कनेक्शन जोड़े गए हैं।
गाली-गलौज भी की, कपड़े फाड़े
जब टीम ने अवैध कनेक्शन हटाने की प्रक्रिया शुरू की, तो वहां मौजूद कुछ महिलाओं समेत कई स्थानीय लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। मामला तेजी से बिगड़ गया और विरोध प्रदर्शन हिंसक रूप में बदल गया। आरोपियों ने टीम के सदस्यों के साथ गाली-गलौज की और फिर मारपीट पर उतर आए। इस हमले में दोनों कनिष्ठ अभियंता घायल हो गए, एक का चश्मा टूट गया, जबकि लाइनमैन के कपड़े फाड़ दिए गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर पहुंची शहीद की देह, पैतृक गांव में आज होगा अंतिम संस्कार- मां पर टूटा दुखों का पहाड़
आरोपियों की खिलाफ मामला दर्ज
घायल अभियंताओं को पांवटा साहिब सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इस आधार पर सिंहपुरा चौकी में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है। शुरुआती जांच में करीब 10-12 लोगों को आरोपी माना गया है। पुलिस थाना पुरुवाला के प्रभारी राजेश पाल ने जानकारी दी कि सिंहपुरा चौकी पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की तत्काल जांच शुरू कर दी है।
बिजली बोर्ड कर्मचारियों में रोष
घटना के बाद बिजली बोर्ड कर्मचारी संघ में भारी आक्रोश है। संघ ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों पर हमला न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह अधिकारियों के मनोबल को भी गिराने वाला कृत्य है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : शहीद का शौर्य चक्र हाथ में पकड़ते ही फूट-फूट कर रोई मां और पत्नी, राष्ट्रपति ने दिया सहारा
लोगों ने जांच में डाली बाधा
बिजली बोर्ड के पुरुवाला उपमंडल के सहायक अभियंता अरुणदीप सिंह ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हमला बिजली चोरी की जांच के दौरान हुआ। उन्होंने कहा कि हमारी टीम पूरी तरह कानून के तहत कार्यवाही कर रही थी, लेकिन स्थानीय लोगों ने न केवल जांच में बाधा डाली, बल्कि हमारे अधिकारियों को चोट भी पहुंचाई। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
