शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नेरवा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मढ़ाना में शुक्रवार को एक सेब के बगीचे में 34 वर्षीय महिला का शव बुरांश के पेड़ से लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। 

गांव के प्रधान ने पुलिस को दी सूचना

पुलिस के अनुसार ग्राम पंचायत मढ़ाना के प्रधान ने नेरवा थाना में फोन कर बताया कि गांव की एक महिला ने कथित तौर पर सेब के बगीचे में बुरांश के पेड़ से फंदा लगा लिया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से भी घटना के बारे में जानकारी जुटाई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बारिश ने मचाया हाहाकार : पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौ*त

मौके पर जुटाए गए सबूत, सुसाइड नोट नहीं मिला 

जांच के दौरान पुलिस को महिला का शव सेब के बगीचे में मिला, जबकि पेड़ से रस्सी लटकी हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल की बारीकी से जांच की। प्रारंभिक जांच में महिला के गले पर फंदे का निशान मिला, लेकिन शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए।इसके अलावा पुलिस ने महिला के घर और आसपास भी तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट या ऐसा कोई सामान नहीं मिला, जिससे घटना के कारणों का पता चल सके।

मृतका की पहचान

पुलिस ने बताया कि मृत महिला की पहचान 34 वर्षीय गीता देवी, पत्नी सुरेश कुमार, निवासी ग्राम पंचायत मढ़ाना, नेरवा (जिला शिमला) के रूप में हुई है। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में समर टूरिस्ट सीजन पर लगी ब्रेक : 3 महीने में पहुंची 22 लाख गाड़ियां

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेरवा भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

मायके पक्ष ने नहीं जताया कोई संदेह

घटना की जानकारी महिला के मायके पक्ष को भी दे दी गई है। पुलिस के अनुसार फिलहाल मायके वालों ने किसी तरह का संदेह नहीं जताया है और न ही किसी पर कोई आरोप लगाया है। इसके बावजूद पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है ताकि किसी भी पहलू को नजरअंदाज न किया जाए।

यह भी पढ़ें : तेज बारिश में स्कूल आएंगे बच्चे और शिक्षक...या नहीं- अब DC लेंगे फैसला

प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला निजी कारणों से आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। फिलहाल पुलिस भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कानूनी कार्रवाई कर रही है।