किन्नौर। कभी देश के सबसे शांत और सुरक्षित राज्यों में शुमार हिमाचल प्रदेश में अब लगातार सामने आ रहे संगीन आपराधिक मामले चिंता बढ़ाने लगे हैं। दो दिन पहले सिरमौर में सब्जी विक्रेता की हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि बुधवार को प्रदेश के दो अलग.अलग जिलों से दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर ने सनसनी फैला दी। दोनों ही मामलों में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

 

चंबा के चुराह में बुधवार सुबह एक व्यक्ति का बुरी तरह कुचला हुआ शव मिलने से हत्या की आशंका जताई गई, वहीं अब किन्नौर जिले में एनएच-5 पर एक भेड़पालक की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मृतक का रात में उसके दो साथियों के साथ विवाद हुआ था और मारपीट के बाद उसकी जान चली गई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में मिलावटी दूध-पनीर बेचने वालों की खैर नहीं : अब फोन से ही खुल जाएगा राज, पकड़े गए तो..

एनएच-5 पर मिला भेड़पालक का शव

किन्नौर जिले में यह सनसनीखेज घटना एनएच-5 पर पानवी पुल से करीब 300 मीटर दूर सामने आई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय जगदीश, निवासी गानवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 10:30 बजे तीन भेड़पालक भेड़-बकरियों को लेकर भावाकंडे की ओर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, शव उठाने से किया इंकार

वहीं दूसरी तरफ शव मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान जदीश के रूप में की। परिजनों ने जगदीश की हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान परिजनों ने नेशनल हाईवे पर हंगामा भी किया और शव उठाने से इंकार कर दिया। परिजनों की सीधी मांग थी कि जब तक मामले की पूरी सच्चाई सामने नहीं आ जाती, वह शव नहीं उठाएंगे। जिसके चतले घटनास्थल पर तनाव की स्थिति बन गई। हंगामा बढ़ता देख पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार की पेंशनरों को सौगात: 1 सितंबर को खाते में आएगा एरियर; जानें किसे कितना मिलेगा

कहासुनी से शुरू हुआ विवाद, फिर हुई मारपीट

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार रास्ते में किसी बात को लेकर तीनों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों में हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक टिप्पर चालक ने तीनों को आपस में लड़ते हुए देखा। आरोप है कि इसी मारपीट के दौरान जगदीश गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद दोनों साथी फरार

जगदीश की मौत के बाद उनके दोनों साथी मौके से फरार हो गए। बुधवार सुबह जब पुलिस को घटना की जानकारी मिली तो टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार दोनों व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : मनरेगा के पैसों में गोलमाल- JE को नौकरी से निकाला, 2 पंचायतों में 67 लाख की गड़बड़ी

टिप्पर चालक बना अहम कड़ी

पुलिस जांच में उस टिप्पर चालक की भूमिका अहम मानी जा रही है, जिसने कथित तौर पर तीनों भेड़पालकों को सड़क पर आपस में लड़ते हुए देखा था। पुलिस चालक से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों को जुटा रही है। मारपीट की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और जगदीश की मौत किस तरह हुई, इसका पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा।

ग्रामीणों में भारी आक्रोश

घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन और गानवी से ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस के सामने दोनों आरोपियों को जल्द पकड़ने और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। ग्रामीणों के विरोध के चलते घटनास्थल पर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: खदान में हुए भूस्खलन के मलबे में दबे थे 3 मजदूर, एक की मिली देह; दो की तलाश जारी

पोस्टमार्टम के बाद सामने आएगा मौत का असली कारण

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जगदीश की मौत मारपीट में लगी चोटों के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। फिलहाल पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।

चुराह में भी मिला था संदिग्ध हालत में शव

किन्नौर की इस घटना के साथ ही बुधवार को चंबा जिले के चुराह क्षेत्र में भी एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव की हालत बेहद गंभीर थी और सिर बुरी तरह कुचला हुआ मिला था। ऐसे में वहां भी हत्या की आशंका जताई जा रही है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में स्कूली छात्रा को भगा ले गया आदमी, शादी का किया वादा- और बेच दिया

सिरमौर की हत्या के बाद दो और घटनाओं ने बढ़ाई चिंता

प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में सामने आई घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। सिरमौर में सब्जी विक्रेता की हत्या का मामला अभी चर्चा में ही था कि बुधवार को चंबा और किन्नौर से दो अलग-अलग संदिग्ध मौतों की खबर सामने आ गई। हालांकि इन मामलों में पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और अपराध की पूरी तस्वीर साफ होगी, लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाओं ने लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें