#अपराध
August 19, 2026
हिमाचल में स्कूली छात्रा को भगा ले गया आदमी, शादी का किया वादा- और बेच दिया
11वीं कक्षा में पढ़ती थी छात्रा, युवक ने शादी का दिया झांसा
शेयर करें:

चंबा। शादी का झांसा देकर एक नाबालिग को अपने जाल में फंसाने और लंबे समय तक उसका शोषण करने का सनसनीखेज मामला हिमाचल प्रदेश के चंबा के तीसा से सामने आया है। आरोप है कि युवक ने पहले नाबालिग को धमकियों के जरिए चुप कराया और बाद में उसे बद्दी ले जाकर गलत काम के लिए दबाव बनाया।
इसके बाद कथित तौर पर उसे एक दूसरे व्यक्ति के हाथों बेच दिया गया। हालांकि, जिस व्यक्ति के पास नाबालिग पहुंची, उसने पुलिस को सूचना देकर उसे सुरक्षित बचाने में मदद की।
मामला चंबा जिले के तीसा थाना क्षेत्र का है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता जब 11वीं कक्षा में पढ़ती थी और उसकी उम्र करीब 16 साल थी, तभी क्षेत्र के एक युवक ने उसे शादी का झांसा देकर अपने संपर्क में लिया।
आरोप है कि इसके बाद युवक ने उसका शोषण किया। विरोध करने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता था। शिकायत के मुताबिक वर्ष 2025 के दौरान भी यह सिलसिला जारी रहा।
मामला उस समय और गंभीर हो गया जब 27 जुलाई 2026 को आरोपी नाबालिग को घुमाने के बहाने औद्योगिक क्षेत्र बद्दी ले गया। आरोप है कि बद्दी पहुंचने के बाद आरोपी ने उसका मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया और उस पर देह व्यापार में जाने का दबाव बनाया। नाबालिग को कथित तौर पर अजनबी लोगों से बातचीत करने और उनसे मिलने के लिए मजबूर किया जाता रहा। वह लगातार आरोपी के दबाव में थी।
शिकायत के मुताबिक, 8 अगस्त को आरोपी ने नाबालिग को एक अन्य व्यक्ति के हाथों बेच दिया। इसके बाद नाबालिग ने उस व्यक्ति को अपनी पूरी आपबीती बताई। उसकी बात सुनकर उस व्यक्ति ने उसका फायदा उठाने के बजाय पुलिस से संपर्क करने का फैसला किया।
उसने नाबालिग को सुरक्षित रखा और तीसा पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस की मदद से नाबालिग को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया गया। वहीं इस मामले में SDPO सलूणी रंजन शर्मा ने बताया कि मामले को गंभीरता से देखा जा रहा है और संबंधित धाराओं के तरह मामला दर्ज भी किया जा चुका है। फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस ने कई ठिकानों पर दबिश भी दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।