#यूटिलिटी
August 19, 2026
सुक्खू सरकार की पेंशनरों को सौगात: 1 सितंबर को खाते में आएगा एरियर; जानें किसे कितना मिलेगा
हिमाचल के पेंशनरों और ग्रुप-D कर्मचारियों को मिलेगा एरियर और 20 हजार रुपए
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के पेंशनरों और ग्रुप-D कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। सुक्खू सरकार ने स्वतंत्रता दिवस पर की गई घोषणा को अब अमलीजामा पहनाते हुए एरियर भुगतान के आदेश जारी कर दिए हैं। सरकार के इस फैसले से लंबे समय से बकाया राशि का इंतजार कर रहे पेंशनरों और कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने वाली है। एक ओर पात्र पेंशनरों को उनके बकाया एरियर की नई किस्त मिलेगी, वहीं दूसरी ओर नियमित ग्रुप-D कर्मचारियों को उनके कुल एरियर में से 20 हजार रुपये की राशि एकमुश्त नकद दी जाएगी। अगस्त 2026 की पेंशन और वेतन के साथ यह भुगतान किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 15 अगस्त को बड़सर में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में पेंशनरों और ग्रुप-D कर्मचारियों को एरियर को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं की थीं। अब वित्त विभाग ने इन घोषणाओं को लागू करने के लिए दो अलग-अलग आदेश जारी कर दिए हैं। इससे साफ है कि सरकार ने घोषणा के बाद इसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : मनरेगा के पैसों में गोलमाल- JE को नौकरी से निकाला, 2 पंचायतों में 67 लाख की गड़बड़ी
सरकार के आदेश के अनुसार 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की पेंशन और फैमिली पेंशन के बकाया एरियर का भुगतान अगस्त 2026 में किया जाएगा। पात्र पेंशनरों को श्रेणी के आधार पर एरियर की अलग-अलग राशि जारी होगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: खदान में हुए भूस्खलन के मलबे में दबे थे 3 मजदूर, एक की मिली देह; दो की तलाश जारी
सबसे बड़ी राहत क्लास-III श्रेणी के पेंशनरों को मिलेगी। सरकार इस श्रेणी के पात्र पेंशनरों को कुल बकाया एरियर का 35 प्रतिशत जारी करेगी। यह लाभ उन पेंशनरों को मिलेगा जिनकी बेसिक पेंशन 40 हजार रुपये तक है। वहीं 24 हजार रुपये तक की फैमिली पेंशन पाने वाले पात्र परिवार पेंशनरों को भी इस भुगतान का लाभ मिलेगा।
इस किस्त के जारी होने के बाद क्लास-III पेंशनरों को अब तक उनके कुल बकाया एरियर का 55 प्रतिशत भुगतान हो जाएगा।
सरकार ने क्लास-I और क्लास-II श्रेणी के पेंशनरों के लिए भी एरियर भुगतान का प्रावधान किया है। इन दोनों श्रेणियों के पात्र पेंशनरों को कुल बकाया एरियर का 15-15 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा। इस नई किस्त के बाद इन श्रेणियों में अब तक जारी कुल एरियर 35 प्रतिशत हो जाएगा।
सरकार ने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि पेंशनरों को पहले मिल चुकी इंटरिम रिलीफ और डीए रिलीफ की किस्तों को सकल एरियर में समायोजित किया जाएगा। इन राशियों को घटाने के बाद जो एरियर शेष रहेगा, उसका भुगतान पात्र पेंशनरों और फैमिली पेंशनरों को किया जाएगा।
वित्त विभाग ने पेंशन भुगतान प्राधिकरणों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को अगस्त 2026 में एरियर की राशि वितरित करने के निर्देश दिए हैं। यानी पेंशनरों को अब बकाया राशि के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और अगस्त की पेंशन के साथ एरियर की नई किस्त मिलने की राह साफ हो गई है।
पेंशनरों के साथ ही प्रदेश के ग्रुप-D कर्मचारियों के लिए भी सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान लागू कर दिया है। संशोधित वेतनमान के कारण 1 जनवरी 2016 से बनने वाले एरियर में से 20 हजार रुपये की राशि अगस्त 2026 में एकमुश्त नकद भुगतान के रूप में दी जाएगी। यह भुगतान हिमाचल प्रदेश सिविल सर्विसेज (रिवाइज्ड पे) रूल्स, 2022 के तहत संशोधित वेतनमान से संबंधित बकाया राशि के तौर पर किया जाएगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि ग्रुप-D कर्मचारियों को 20 हजार रुपये की राशि जारी किए जाने के बाद शेष एरियर से संबंधित नियम और शर्तें पहले जारी किए गए 17 सितंबर 2022 के आदेश के अनुसार ही लागू रहेंगी। यानी फिलहाल सरकार ने कुल बकाया राशि में से एक निश्चित रकम का भुगतान करने का फैसला लिया है।
लंबे समय से एरियर का इंतजार कर रहे पेंशनरों और कर्मचारियों के लिए सरकार का यह फैसला आर्थिक राहत लेकर आया है। अगस्त की पेंशन और वेतन के साथ एरियर की राशि मिलने की उम्मीद से पेंशनरों और ग्रुप-D कर्मचारियों के चेहरों पर राहत की रौनक लौट आई है। सरकार की ओर से आदेश जारी होने के बाद अब विभागीय स्तर पर भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिन आर्थिक राहतों की घोषणा की थी, अब उन्हें लागू करने के लिए वित्त विभाग ने औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं। ऐसे में 15 अगस्त की घोषणा के महज कुछ दिनों बाद ही एरियर भुगतान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना पेंशनरों और कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।