हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिला हमीरपुर में जाली करंसी से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का का पर्दाफाश हुआ है। यह गिरोह बाजारों में घूम-घूमकर जाली मुद्रा खपाकर आम लोगों, विशेषकर छोटे दुकानदारों को निशाना बना रहा था। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे हुआ था मामले का खुलासा
मामले की शुरुआत उस समय हुई जब लोहारड़ा बाईपास क्षेत्र में एक 74 वर्षीय दुकानदार के साथ ठगी की घटना सामने आई। आरोपियों ने नोट बदलने का बहाना बनाकर दुकानदार को झांसे में लिया और 500 रुपये के असली नोटों के बदले 200 रुपये के नकली नोट थमा दिए। घटना के बाद बुजुर्ग दुकानदार को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
यह भी पढ़ें : पंचायत चुनाव पर CM सुक्खू का मास्टरस्ट्रोक: कार्यकर्ताओं को दिया फ्री हैंड; नहीं होगा कोई पार्टी बंधन
तकनीकी जांच से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी। विभिन्न स्थानों पर लगे निगरानी उपकरणों के दृश्य, मार्ग निगरानी तंत्र और बैंक से जुड़े विवरणों के आधार पर संदिग्ध वाहन की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
बिलासपुर के पास धर दबोचे गए आरोपी
17 अप्रैल को पुलिस टीम ने बिलासपुर जिले के बैहनाजटा क्षेत्र के पास घेराबंदी कर आरोपियों को उस समय पकड़ लिया, जब वे कार में सवार होकर मनाली की ओर जा रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से 500 रुपये के 16 और 200 रुपये के 33 नकली नोट बरामद किए गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 3 दागी प्रोफसरों पर गिरी गाज, कॉलेज छात्राओं से नीचता करने पर नौकरी से किए बर्खास्त
छोटे दुकानदार और बुजुर्ग बन रहे थे शिकार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पिछले कई दिनों से हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय था और खास तौर पर छोटे दुकानदारों तथा बुजुर्गों को अपना निशाना बना रहा था। पुलिस को शक है कि इस गिरोह के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं और इसमें और लोग शामिल हो सकते हैं।
पुलिस की अपील सतर्क रहें लोग
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि लेन.देन के दौरान नोटों की अच्छी तरह जांच करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही हैए जिसने समय रहते एक बड़े धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश कर आम लोगों को बड़े नुकसान से बचा लिया।
