बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टे की ऐसी खेप पकड़ी है, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान पंजाब नंबर की एक कार को रोककर जब तलाशी ली गई तो उसमें से 151.33 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। बरामद नशे की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने कार सवार पंजाब के अमृतसर जिले के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
कार रुकते ही खुला नशे का राज
बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम (SDT) ने नशे की तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए धराड़सानी फोरलेन पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पंजाब नंबर की एक कार पुलिस टीम के रडार पर आई।
यह भी पढ़ें : नाना पाटेकर के निधन से शिमला भी गमगीन, दो साल पहले हिमाचल में बिताया वक्त अब यादों में रह गया
पुलिस ने वाहन को जांच के लिए रोका और कार की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस को ऐसा नशा मिला, जिसे देखकर टीम भी सतर्क हो गई। कार में सवार तीनों युवकों के कब्जे से कुल 151.33 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया। इतनी मात्रा में चिट्टा बरामद होने के बाद पुलिस ने तीनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया और वाहन को भी कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
पंजाब के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र सिंह (40), जोवन जीत सिंह (25) और गुरचंट सिंह (32) के रूप में हुई है। तीनों पंजाब के अमृतसर जिले के न्यू कृपा नगर, नारायणगढ़ क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई हिमाचल में किसे की जानी थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के लिए मोदी सरकार ने फिर खोला खजाना, मिलेगी करोड़ों रुपए की सहायता; जानें कहां होगी खर्च
पूरे नेटवर्क तक पहुंचेगी पुलिस
इस मामले में पुलिस की जांच अब बरामद चिट्टे और तीन आरोपियों तक सीमित नहीं रहने वाली है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की इस खेप का स्रोत क्या था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: अब सड़क पर कटेगा चालान तो मौके पर होगा डिजिटल भुगतान; जानें सुक्खू सरकार की नई व्यवस्था
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चिट्टे के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही है। यानी नशा कहां से आया, किस व्यक्ति या नेटवर्क से आरोपियों को मिला और आगे इसे किसे पहुंचाया जाना था, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अगर जांच में किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
झंडूता थाने में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले को लेकर पुलिस थाना झंडूता में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के साथ-साथ उनके मोबाइल फोन, संपर्कों और अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच कर सकती है, ताकि इस पूरी सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : मनचाहे स्टेशन पाने के लिए बीमारी का बहाना बनाते हैं कर्मचारी! हाईकोर्ट ने लगाई फटकार
बिलासपुर में नशे के खिलाफ पुलिस का कड़ा अभियान
बिलासपुर पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने कहा कि पुलिस नशे के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि बरामद चिट्टे के स्रोत और उससे जुड़े बैकवर्ड तथा फॉरवर्ड लिंक की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की पहचान होने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ट्रैकिंग पर निकले पांच ट्रैकर लापता, पिछले 12 घंटे से रेस्क्यू जारी- बर्फबारी बनी बाधा
पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप
बिलासपुर से गुजरने वाले फोरलेन पर पुलिस की यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि अंतरराज्यीय आवाजाही वाले इन मार्गों पर नशे की तस्करी को रोकना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।
धराड़सानी में हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर दिखाया है कि पुलिस की सतर्कता के चलते नशे की बड़ी खेप को रास्ते में ही पकड़ा जा सकता है। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस गिरफ्त में हैं और पूछताछ के बाद इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।
