सोलन। हरियाणा के पंचकूला में पुलिस ने करीब एक करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के बद्दी में रह रहा था और युवाओं को नशा सप्लाई करता था।
गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने बिछाया जाल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंचकूला पुलिस की ANC टीम गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान ANC को गुप्त सूचना मिली थी कि मुकेश कुमार चंडीमंदिर के साकेत अस्पताल के पास फ्लाईओवर के नीचे किसी ग्राहक को हेरोइन की खेप देने आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत एक रेडिंग टीम बनाई और सादे कपड़ों में मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में फर्जीवाड़ा : EWS के जाली सर्टिफिकेट से युवक बना सरकारी टीचर, ऐसे हुआ खुलासा
बाइक पर पहुंचा आरोपी, मौके पर दबोचा गया
शाम करीब 5:15 बजे टोल प्लाजा की तरफ से लाल और काले रंग की बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया। मुखबिर ने उसकी पहचान मुकेश कुमार के रूप में की। इसके बाद पुलिस टीम ने बिना देर किए घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
जेब से मिली 311 ग्राम हेरोइन
तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट की बाईं जेब से एक पारदर्शी पॉलिथीन बरामद हुई। उसमें हल्के भूरे रंग का डलीनुमा और पाउडर जैसा पदार्थ रखा हुआ था। जांच करने पर यह हेरोइन निकली। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौलने पर पॉलिथीन सहित इसका कुल वजन 311 ग्राम पाया गया। पुलिस ने मौके पर ही हेरोइन को सील कर कब्जे में ले लिया।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार को हाईकोर्ट से एक और झटका, असिस्टेंट स्टाफ नर्स भर्ती पर रोक बरकरार
आरोपी की पहचान मुकेश कुमार (33) पुत्र पाला राम निवासी गांव मटौर, थाना कलायत, जिला कैथल के रूप में हुई है। जो वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित भुड़ बैरियर के पास किराये के कमरे में रह रहा था और पंचकूला व आसपास के क्षेत्रों में हेरोइन की सप्लाई करता था।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में एंटी नारकोटिक सेल के ASI परविंद्र सिंह की शिकायत पर थाना चंडीमंदिर में NDPS एक्ट की धारा 21(C) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: किचन में खाना बना रहा था युवक- अचानक फटा गैस सिलेंडर, मची चीख-पुकार
रिमांड में खुलेंगे कई राज
जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि वह हेरोइन कहां से लाता था, किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था और उसके साथ इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में ड्रग सप्लाई चेन से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
