सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन में दो समुदायों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस ने देर रात दोनों पक्षों के 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अभी और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है। फिलहाल इलाके में 26 अक्टूबर की शाम से 29 अक्टूबर तक धारा-163 लागू है। वहीं, पंजाब से नाहन पहुंचे दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों ने भी अब शांति बनाए रखने की पहल की है।
पूछताछ के लिए दोनों पक्षों के लोगों को बुलाया गया
एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस थाना सदर नाहन ने 27 अक्टूबर की शाम दोनों पक्षों के करीब 10 से 12 लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया था। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के चार दोस्तों ने नौकरी छोड़कर खड़ी की अपनी कंपनी, 70 लोगों को दिया रोजगार
पंजाब से पहुंचे प्रतिनिधि, शांति की अपील
नाहन में दो समुदायों के बीच चल रहे विवाद को शांत करने के लिए अब प्रयास तेज हो गए हैं। मंगलवार को पंजाब से दोनों समुदायों के प्रतिनिधि नाहन पहुंचे। उन्होंने अपने-अपने समुदाय के लोगों से शांति बनाए रखने और आपसी भाईचारा कायम रखने की अपील की।
दोनों समुदायों से संयम बरतने की अपील
पंजाब बुड्ढा दल के जत्थेदार अवतार सिंह और वाल्मीकि तीर्थ अमृतसर के महासचिव बिलू वाल्मीकि ने नाहन में मीडिया से बातचीत की। दोनों ने अपने समुदाय के लोगों से संयम बरतने और आपस में सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को साथ बैठकर बातचीत के जरिए इस विवाद का समाधान निकालना चाहिए। इसके लिए बातचीत लगातार जारी है।
यह भी पढ़ें : लंका दहन से हुआ कुल्लू दशहरा का समापन, देवालयों को लौटे 300 देवी-देवता
क्या था मामला ?
नाहन में वाल्मीकि गेट के रेनोवेशन को लेकर दो मोहल्लों के लोग आमने-सामने आ गए थे। वाल्मीकि जयंती से दो दिन पहले यानी 23 अक्टूबर को विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर पत्थरबाजी की थी। इस दौरान एक कबाड़ की दुकान में आग लगा दी गई और तहसीलदार की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई थी।
झड़प में करीब 14 लोग हुए थे घायल
इस हिंसक झड़प में SHO समेत करीब 14 लोग घायल हुए थे। हालांकि, 26 अक्टूबर को वाल्मीकि जयंती के मौके पर शहर में दोबारा शांति दिखाई दी और शांतिपूर्ण तरीके से शोभायात्रा निकाली गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बढ़ेगा ठंड का प्रकोप, अगले 48 घंटे बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी
पंजाब से लोगों के आने की खबर के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
इसके बाद पंजाब से लोगों के नाहन आने के ऐलान के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर धारा-163 लागू कर दी। इसका मकसद शहर में दोबारा किसी तरह की हिंसा या अप्रिय घटना को रोकना है।
नाहन में पुलिस का कड़ा पहरा, वाहनों की चेकिंग
मंगलवार को नाहन में बाहर से आने वाले सभी वाहनों की पुलिस ने चेकिंग की। शहर में बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। प्रशासन और पुलिस की कोशिश है कि इलाके में शांति बनी रहे और दोनों समुदायों के बीच तनाव को आगे बढ़ने से रोका जा सके।
