कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा सप्लाई करने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि नशे के इस कारोबार को मां और बेटी मिलकर चला रही थीं
चिट्टा बेच रही थी मां-बेटी
पुलिस थाना रक्कड़ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान बेटी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी मां मौके से फरार बताई जा रही है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
यह भी पढ़ें- 40 घंटे से जल रहा हिमाचल का जंगल : आर्मी-वायुसेना का ऑपरेशन जारी, 50 राउंड पानी बरसा चुके हेलीकॉप्टर
घर से चला रही थी नशे का धंधा
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि निहारी गांव क्षेत्र में एक घर से चिट्टा तस्करी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। बताया गया कि आरोपी बाहरी राज्यों से मादक पदार्थ लाकर स्थानीय स्तर पर युवाओं तक इसकी सप्लाई कर रहे हैं।
पुलिस ने घर में मारा छापा
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निगरानी शुरू की और तकनीकी इनपुट के आधार पर संदिग्ध घर की पहचान की। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने नियमानुसार घर पर छापा मारा।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस ने 17 साल की लड़की को धमकाया, जबरन दर्ज किए बयान- अफसर समेत चार सस्पेंड
चिट्टे की खेप संग बेटी अरेस्ट
तलाशी के दौरान घर से 15 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। मौके पर मौजूद युवती को पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय प्रतिभा उर्फ प्रीति के रूप में हुई है- जो कि गांव छिलगा, कांगड़ा की रहने वाली है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव : ननद को हराकर भाभी बनी प्रधान, 300 वोटों से जीती- मिठाइयां बांट मनाया खूब जश्न
मौके से मां हुई फरार
पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान घर की मालकिन तृप्ता देवी वहां मौजूद नहीं मिली। जांच में उसे इस पूरे नेटवर्क की मुख्य कड़ी माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नेटवर्क से कौन-कौन लोग जुड़े?
मामले में पुलिस थाना रक्कड़ में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा नशे की खेप कहां से लाई जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
