कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। घर से बकरियां चराने के लिए जंगल गई 18 वर्षीय युवती अचानक लापता हो गई थी। परिजन तीन दिनों तक अपनी लाडली की तलाश में भटकते रहे, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार शनिवार को गांव के ही एक व्यक्ति को जंगल में युवती का शव मिला। इस खबर के सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस बेटी के सुरक्षित घर लौटने की उम्मीद में परिजन रास्ता देख रहे थे, उसकी मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
17 नवंबर को बकरियां लेकर निकली थी किरण
मृतका की पहचान 18 वर्षीय किरण देवी पुत्री हरी सिंह निवासी गांव भाली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार किरण देवी 17 नवंबर को रोजमर्रा की तरह बकरियां चराने के लिए घर से निकली थी। शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। पहले परिवार और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया।
यह भी पढ़ें : सुंदर सिंह को मंत्री ना बनाने पर बढ़ी सियासी खींचतान, विक्रमादित्य ने पोस्ट डाल वीरभद्र युग की दिलाई याद
पुलिस के पास पहुंचे परिजन
काफी देर तक तलाश करने के बावजूद जब किरण का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस थाना कोटला में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी थी। परिवार को उम्मीद थी कि उनकी बेटी जल्द सुरक्षित मिल जाएगी, लेकिन शनिवार को आई खबर ने सभी उम्मीदों को तोड़ दिया।
जंगल में गए ग्रामीण को मिला युवती का शव
शनिवार को गांव का एक व्यक्ति जंगल में अपनी बकरियां चराने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान उसकी नजर वहां युवती के शव पर पड़ी। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस थाना कोटला को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में डीएफयू की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : परिवार ने खोया 25 साल का जवान बेटा, 11 दिन से लड़ रहा था जिंदगी की जंग
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही युवती की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
एएसपी नूरपुर ने की पुष्टि, जांच जारी
एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पंचायत भाली के जंगल में एक युवती का शव मिला है। मृतका की पहचान किरण देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है। तीन दिनों तक बेटी की तलाश में परेशान रहे परिजनों के लिए यह घटना बेहद दुखद है। फिलहाल पूरे गांव में शोक का माहौल है और हर किसी की नजर पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
