कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक हैरतअंगेज और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां उपमंडल आनी के दलाश क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर पानी में जहर मिलाकर उसे जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
पति ने महिला को दिया जहर
पीड़ित महिला मीना देवी को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में धीरे-धीरे सुधार आया है। मीना ने पुलिस में दिए बयान में पति यशपाल पर गंभीर आरोप जड़े हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल से माता रानी के दर्शन कर लौट रहे 8 श्रद्धालुओं ने गंवाया जीवन, नहर में पिकअप गिरने से 3 लापता
पानी में मिलाया जहर
मीना ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसके पति यशपाल ने उसे पीने के लिए जो पानी दिया, उसमें जहर मिलाया गया था। पानी पीने के कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
बयान बदलने का बनाया दबाव
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी उसके पति ने उस पर दबाव बनाया कि वह पुलिस को बताए कि उसने गलती से जहर पी लिया था। मगर महिला ने पुलिस को सच बता दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में नशे ने तोड़ा परिवार : चिट्टे की लत में फंसे पति ने बेची पैतृक संपत्ति, HC ने सुनाया बड़ा फैसला
पहले की मारपीट, फिर छीना बेटा
मीना देवी का आरोप है कि घटना से पहले सुबह उसके पति ने उसके साथ मारपीट भी की थी और उसके चार साल के बेटे को जबरदस्ती अपने साथ ले गया। इस घटनाक्रम से इलाके में भी खलबली मच गई है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए ASP संजीव चौहान ने कहा कि आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। घटना ने घरेलू हिंसा के गंभीर स्वरूप और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
