हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में शादी के नाम पर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जहां प्रदेश के भोले.भाले युवकों को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है। बिचौलियों के जरिए बाहरी राज्यों की लड़कियों से शादी करवाकर मोटी रकम वसूली जाती है और फिर शादी के कुछ ही दिनों बाद दुल्हन फरार हो जाती है। ऐसा ही एक मामला हमीरपुर जिले से सामने आया है, जहां एक युवक लुटेरी दुल्हन गिरोह का शिकार बन गया और शादी के महज पांच दिन बाद ही दुल्हन घर छोड़कर गायब हो गई।
ऐसा ही एक शादी के नाम पर ठगी का मामला हमीरपुर जिले की ग्राम पंचायत ब्राह्लड़ी के अंतर्गत डुढाणा गांव से सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि बिचौलिए के माध्यम से करवाई गई शादी उनके लिए आर्थिक और मानसिक संकट बन गई। पीड़ित परिवार अब पुलिस प्रशासन से न्याय और खर्च की गई रकम वापस दिलाने की मांग कर रहा है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार की नई आबकारी नीति में शराबियों की बल्ले बल्ले, अब इतनी बोतलें ले जा सकेंगे साथ
लुटेरी दुल्हन और बिचौलिए ने ठगा परिवार
पीड़ित युवक संजय कुमार की शादी अगस्त 2025 में पंजाब के मछीवाड़ा क्षेत्र की एक युवती से करवाई गई थी। आरोप है कि शादी तय करवाने के बदले बिचौलिए को करीब डेढ़ लाख रुपये नकद दिए गए, जबकि पूरे विवाह समारोह पर पांच लाख रुपये से अधिक खर्च किया गया। परिवार को उम्मीद थी कि बेटे का घर बस जाएगा, लेकिन कुछ ही दिनों में हालात बदल गए।
पांच दिन बाद ही दुल्हन हुई फरार
परिजनों के अनुसार शादी के बाद दुल्हन केवल चार.पांच दिन तक ही ससुराल में रही। इसके बाद वह किसी बहाने से घर से बाहर गई और जल्द लौटने का आश्वासन देकर चली गई, लेकिन फिर वापस नहीं आई। काफी इंतजार के बाद जब परिवार ने संपर्क करने की कोशिश की तो उसका कोई पता नहीं चल पाया।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार को हाईकोर्ट ने लगाई कड़ी फटकार, कहा- तबादलों के नाम पर 'मनमानी' नहीं चलेगी!
बिचौलिया भी करता रहा गुमराह
पीड़ित युवक का आरोप है कि जब उन्होंने बिचौलिए से जवाब मांगा तो जिम्मेदारी लेने के बजाय उसे दूसरी लड़की से शादी करवाने का प्रस्ताव दिया गया। बिचौलिए के कहने पर परिवार कई बार पंजाब गया, जिससे करीब 60 हजार रुपये अतिरिक्त खर्च हो गए, लेकिन हर बार उन्हें निराशा ही हाथ लगी।
आर्थिक और मानसिक संकट में परिवार
पीड़ित युवक ने कहा कि अब उन्हें दुल्हन की वापसी नहीं चाहिए, बल्कि शादी के नाम पर हुई ठगी की पूरी रकम वापस दिलाई जाए। साधारण परिवार होने के कारण लाखों रुपये का नुकसान उनके लिए बड़ा झटका साबित हुआ है। वहीं परिवार सामाजिक दबाव और मानसिक तनाव से भी गुजर रहा है। मामला सामाजिक संगठनों तक भी पहुंच गया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य युवक के साथ इस तरह की ठगी न हो सके।
यह भी पढ़ें : बुरी फंसी SDM ओशीन- ब्रांड प्रमोशन मामले में जांच के निर्देश, मैडम ने सोशल मीडिया से हटाया वीडियो
पुलिस ने शुरू की जांच
हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि शादी के नाम पर ठगी की शिकायत प्राप्त हुई है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि पिछले कुछ समय से हिमाचल में ऐसे मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही हैए जहां बिचौलिए शादी का झांसा देकर युवकों से लाखों रुपये ऐंठ लेते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराज्यीय विवाह के नाम पर सक्रिय ऐसे नेटवर्क पर सख्त निगरानी की आवश्यकता है।
