चंबा। हिमाचल के चंबा जिला में नशे का तस्कर अपने घर पर अवैध रूप से मेडिकल स्टोर चला रहा था। मेडिकल स्टोर की आड़ में वह स्टूडेंट्स को नशा बेचता था। रविवार को पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर ने छापा मारकर भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद किया। यह मामला चंबा जिला के तहत आते सलूणी तहसील के दुत्ता गांव का है।
भारी मात्रा में नशे की खेप बरामद
मेडिकल स्टोर के मालिक का नाम आशिक मोहम्मद (35) है। पुलिस ने उसके खिलाफ ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर ने मिलकर आरोपी के घर, मेडिकल स्टोर और गौशाला पर छापेमारी की। तीनों ही स्थानों से पुलिस को भारी मात्रा में नशीली दवाएं और और कैप्सूल बरामद हुई हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की 'चिट्टा क्वीन' पिंकी को नजरबन्द कर दिया: नहीं छोड़ रही थी तस्करी का धंधा
मुखबिर के जरिए मिली थी सूचना
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि गांव में बिना लाइसेंस के मेडिकल स्टोरी चल रहा है। बताया जाता है कि आरोपी लंबे समय से यह काम कर रहा था।
छापे के बाद पुलिस के कान खड़े
इस छापेमारी के बाद अब पुलिस के भी कान खड़े हो गए हैं। स्थानीय प्रशासन ने गांव स्तर पर चल रहे ऐसे अवैध मेडिकल स्टोर की गहन जांच कराने की बात कही है, जहां से युवाओं को नशे की सप्लाई की जा रही हो। पुलिस ने लोगों से कहा है कि कहीं भी इस तरह की अवैध गतिविधियां देखें तो तुरंत सूचना दें।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : जेब में चिट्टा और घर में कट्टा... पुलिस देख निगला नशा, कमरे की तलाशी ने किया हैरान
डीएसपी रंजन शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। स्थानीय प्रशासन ने ऐसे अवैध मेडिकल स्टोर और नशीली दवाओं की बिक्री पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
