मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में तेजाब कांड में बुरी तरह झुलसी 41 वर्षीय ममता की मौत हो गई है। ममता ने बीती रात करीब 12 बजे उपचार के दौरान PGI में दम तोड़ दिया। आज पोस्टमार्टम के बाद ममता का शव मंडी लाया जाएगा।
एसिड अटैक पीड़िता ममता की मौत
ममता के गांव सैण मोहल्ले में उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस तेजाब कांड ने पूरे हिमाचल को हिला कर रख दिया है। वहीं, अब ममता की मौत के बाद लोगों में काफी आक्रोश पनप रहा है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में पुलिस का बड़ा एक्शन: रेन शेल्टर में छिपा था तस्कर, चरस संग रंगे हाथों पकड़ा
पति ने फैंका एसिड
जानकारी के अनुसार, ममता और उसका पति नंद लाल मूल रूप से सरकाघाट क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों ने हाल ही में मंडी शहर के सैन मोहल्ला क्षेत्र में एक मकान खरीदा था। दोनों के दो बच्चे हैं- बेटी 16 साल की है और बेटा 18 साल का है।
बहस के बीच तैश में आया पति
बीती 15 नवंबर को नंद लाल घर पहुंचा। घर में बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे बहस और फिर तीखी कहासुनी में बदल गई। इसके बाद पति ने तैश में आकर घर में रखा तेजाब ममता पर फेंका और फिर उसे छत से धक्का दे दिया। इसके बाद नंदलाल खुद मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: सावधान हिमाचल! फिर बढ़ा पंडोह बांध का जलस्तर, अलर्ट पर 3 जिले; नदी-नालों से रहें दूर
पड़ोसियों ने दिखाई संवेदनशीलता
घटना के बाद ममता चीखती हुई बाहर भागी। उसकी चीख सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत मंडी के जोनल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे AIIMS बिलासपुर रेफर कर दिया। तेजाब से उसके चेहरे और पीठ पर गहरे घाव आए हैं।
चार दिन से PGI में थी एडमिट
ममता की गंभीर हालत को देखते हुए ममता को AIIMS बिलासपुर से PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पिछले चार दिन से ममता का PGI में उपचार चल रहा था, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद ममता ने बीती रात करीब 12 बजे दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: 'आपदा के घाव हरे और कांग्रेस मना रही खुशियां'- CM सुक्खू से नाराज BJP, सदन में होगा घेराव
हत्यारा पति गिरफ्तार
मामले की पुष्टि करते हुए ASP मंडी अभिमन्यु वर्मा ने बताया घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। अब उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा चलेगा। जांच में पाया गया है कि दोनों के बीच काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और मामला न्यायालय में विचाराधीन था। शुक्रवार को भी दोनों में झगड़ा हुआ था, जिसका वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ था। आरोप है कि नंदलाल पत्नी पर शक करता था। इसी शक ने परिवार को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया।
