हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में आए दिन अपराधिक मामले बढ़ते हुए रिपोर्ट किए जा रहे हैं। ताजा मामले में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिले से कानून-व्यवस्था को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है।

यहां बीते कल देर रात को एक आरोपी ने घर में घुसकर सरकारी कर्मी पर तेजधार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर ने सिर, चेहरे और कान पर इतने गंभीर वार किए कि, पीड़ित की हालत नाजुक बनी हुई है। जो फिलहाल जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।

देर रात घर में घुस कर किया हमला

जानकारी के अनुसार, बीते कल देर रात ग्राम सपनेहड़ा में सरकारी टीचर 55 वर्षीय कुलवीर सिंह पर उसी के गांव के युवक ने घर में घुसकर तेजधार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में कुलवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : खेल-खेल में हा*दसा, रस्सी टूटने से 12 फीट ऊचाई से नीचे गिरी 15 महिलाएं- पहुंचीं अस्पताल

 

कुलवीर सिंह रात करीब 2:30 बजे अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान गांव का ही आरोपी बलदेव जबरन घर में घुसा और दराट से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमलावर ने सिर, कान, नाक और चेहरे पर कई गंभीर चोटें पहुंचाईं। आरोप है कि उसने दांतों से कान काटने का भी प्रयास किया, जिससे पीड़ित लहूलुहान हो गया।

विभिन्न धाराओं के तहत मामला हुआ दर्ज

कुलवीर सिंह की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए आरोपी से हथियार छीनकर स्थिति को काबू में किया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घायल को पहले सिविल अस्पताल भोरंज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल हमीरपुर और फिर एम्स बिलासपुर रेफर किया गया।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने पंचायत चौकीदारों-सिलाई अध्यापिकाओं को दिया नए साल का तोहफा, बढ़ाया मानदेय

 

हमीरपुर के एसपी बलवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि पीड़ित के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 333 और 115(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग

बताया गया है कि, कुलवीर सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दरव्याड में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें