कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के भवारना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। घर से किसी जरूरी काम के लिए निकली 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने काफी देर तक उनकी तलाश की, लेकिन जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई गई।
शाम तक घर नहीं लौटीं तो बढ़ी चिंता
जानकारी के अनुसार भौड़ा पंचायत के लौंटी गांव निवासी ऊषा देवी उम्र 85 साल बीते सोमवार सुबह अपने घर से किसी काम के लिए निकली थीं। परिवार को उम्मीद थी कि वह कुछ ही देर में लौट आएंगी, लेकिन शाम होने तक उनके वापस न आने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में फटा बादल, अलर्ट मोड पर प्रशासन और रेस्क्यू टीमें- जानें क्या कुछ बहा
रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। अगले दिन सुबह ग्रामीणों की नजर नदी किनारे पड़ी एक जोड़ी चप्पलों पर पड़ी, जिसके बाद शुरू हुई तलाश ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया।
नदी किनारे मिली चप्पलों से मिला सुराग
लगातार तलाश के बावजूद जब कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने भवारना पुलिस थाना पहुंचकर महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने भी शिकायत मिलने के बाद महिला की तलाश शुरू कर दी और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : परिवार से बिछड़ गया 48 वर्षीय प्रेम, खेत में काम करते रंगड़ों ने ले ली जा.न
मंगलवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने नदी के किनारे एक जोड़ी चप्पलें देखीं। शक होने पर उन्होंने इसकी सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने चप्पलों की पहचान ऊषा देवी की होने के रूप में की। इसके बाद ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने नदी में खोजबीन शुरू की।
गहरे सदमे में है परिवार
तलाशी अभियान के दौरान ढाटी गांव के समीप नदी में महिला का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पालमपुर अस्पताल भेजा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल से पंजाबी युवक सरेआम चलाता था नशे का धंधा, पुलिस को जेब से मिला एक करोड़ का चिट्टा
अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। बुजुर्ग महिला की अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर मामला नदी में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध जानकारी की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
