#हादसा
July 8, 2026
हिमाचल : परिवार से बिछड़ गया 48 वर्षीय प्रेम, खेत में काम करते रंगड़ों ने ले ली जा.न
खेत में काम कर रहा था व्यक्ति
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। बनाला गांव में खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति की रंगड़ों के हमले में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार व्यक्ति अपने खेत में एक पेड़ के नीचे काम कर रहे थे। इसी दौरान पेड़ पर या उसके आसपास मौजूद रंगड़ों का झुंड अचानक उन पर टूट पड़ा। देखते ही देखते रंगड़ों ने उन्हें कई जगह डंक मार दिए। दर्द और घबराहट के कारण प्रेम सिंह जोर-जोर से चिल्लाने लगे।
व्यक्ति की चीखें सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने आग जलाकर धुआं किया ताकि रंगड़ों को वहां से भगाया जा सके। काफी कोशिशों के बाद रंगड़ तो उड़ गए, लेकिन तब तक प्रेम सिंह की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। उनके शरीर पर कई जगह डंक लग चुके थे।
ग्रामीणों और परिजनों ने बिना समय गंवाए प्रेम सिंह को इलाज के लिए सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी जांच की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 48 वर्षीय प्रेम सिंह निवासी बनाला के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंच गई। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को जोनल अस्पताल धर्मशाला भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद प्रेम सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, बनाला गांव में भी शोक की लहर है। अचानक हुई इस घटना से हर कोई स्तब्ध है और पूरे इलाके में मातम का माहौल बना हुआ है।