ऊना। आजकल सोशल मीडिया पर टशन दिखाने के चक्कर में कई लोग कानून की परवाह नहीं करते, लेकिन बाद में इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ती है। ऐसा ही मामला हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से सामने आया है। यहां एक युवक को बुलेट बाइक से पटाखे छोड़कर रौब झाड़ना महंगा पड़ गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस ने तुरंत पकड़ी बाइक
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो में कुछ युवक मॉडिफाइड बुलेट बाइक चलाते हुए तेज धमाकेदार आवाजें निकाल रहे थे। इससे आसपास के लोगों को काफी परेशानी हो रही थी और ध्वनि प्रदूषण भी फैल रहा था। वीडियो सामने आने के बाद ऊना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और बाइक की पहचान कर उसे ट्रेस कर लिया।
यह भी पढ़ें : केरल में खत्म हुई हिमाचल के इंजीनियर राहुल की तलाश, बरामद हुआ श*व- परिवार में मातम
मौके पर हटवाया मॉडिफाइड साइलेंसर, काटा 10 हजार का चालान
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक में लगा अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही उतरवा दिया। इसके बाद चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत 10 हजार रुपये का चालान किया गया। पुलिस ने साफ कहा कि इस तरह के मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़क पर शोर मचाना कानून के खिलाफ है और इससे लोगों की परेशानी बढ़ती है।
नियम तोड़ने वालों पर आगे भी होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन करना न सिर्फ ध्वनि प्रदूषण फैलाता है, बल्कि यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक शांति भी प्रभावित होती है। इसलिए ऐसे मामलों में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ट्रक-स्कूटी की टक्कर में 29 वर्षीय बंटी की मौ*त, चार महीने हुए थे शादी किए
SP ऊना ने लोगों से की अपील
ऊना के पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने कहा कि यातायात नियम लोगों की सुरक्षा और सुविधा के लिए बनाए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने वाहनों में किसी भी तरह का अवैध मॉडिफिकेशन न करवाएं और ट्रैफिक नियमों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों पर पुलिस की सख्त नजर रहेगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
