#हादसा
July 9, 2026
हिमाचल : ट्रक-स्कूटी की टक्कर में 29 वर्षीय बंटी की मौ*त, चार महीने हुए थे शादी किए
चार महीने पहले ही बजी थीं शादी की शहनाइयां
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की सारी खुशियां पलभर में छीन लीं। जिस घर में महज चार महीने पहले शादी की शहनाइयां गूंजी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। जसूर के पास मठोली में ट्रक और स्कूटी की जोरदार टक्कर में एक युवक की जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला कांगड़ा के जसूर के पास मठोली के पास पेश आया है। युवक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी शादी अभी सिर्फ चार महीने पहले ही हुई थी। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों के अनुसार, युवक ने होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की थी और दिल्ली में नौकरी कर रहा था। वह मंगलवार सुबह ही दिल्ली से अपने गांव पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उसकी जल्द ही विदेश जाने की तैयारी चल रही थी। इसी सिलसिले में कुछ जरूरी सरकारी दस्तावेज बनवाने के लिए वह बीते मंगलवार शाम को स्कूटी लेकर जसूर की ओर निकला था।
जब युवक मठोली के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे ट्रक के साथ उसकी स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।
बंटी चौहान (29), निवासी राजा का तालाब के रूप में हुई है।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद बंटी का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। उसकी मौत की खबर से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शादी के महज चार महीने बाद इस तरह हुई मौत से हर कोई स्तब्ध है।
नूरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मचंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ट्रक चालक और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।