सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में तीन दोस्त एक साथ बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान देवता को लेकर उनके बीच किसी बात पर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। एक युवक ने अपने ही दोस्त पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
देवता को लेकर हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सोलन के करोल कॉलोनी से सामने आया है। यहां पर 15 अगस्त को रात करीब 11 बजे करोल कॉलोनी के बसाल में एक किराये के कमरे में मयंक, सारांश और निखिल शराब पी रहे थे। इस दौरान देवता को लेकर मंयक और निखिल के बीच बहस शुरू हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस को चकमा देकर लुधियाना में फरार हुआ आरोपी, NDPS मामले में किया था अरेस्ट
रोकने पहुंचे दोस्त के सिर पर कर दिया बोतल से वार
कुछ ही देर बाद बहस इतनी ज्यादा बढ़ गई कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। सारांश ने दोनों को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान निखिल ने शराब की टूटी हुई बोतल से सारांश के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद मामला और बिगड़ गया और दोनों युवक लड़ते-लड़ते बाथरूम तक पहुंच गए।
बाथरूम में चाकू से मयंक पर हमला
पुलिस के अनुसार, बाथरूम में निखिल ने शेफ वाला चाकू उठाकर मयंक पर हमला कर दिया। जब सारांश मदद के लिए बाहर जाने लगा तो आरोपी ने उसके बाएं कंधे पर भी चाकू से दो वार कर दिए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: खड्ड के तेज बहाव में तैरती मिलीं 2 लोगों की देह, एक के शरीर पर चोट के निशान; कहीं कोई सा.जिश...
गंभीर हालत में IGMC रेफर किया गया
सारांश ने वैभव को मदद के लिए बुलाया। दोनों कमरे में वापस पहुंचे तो मयंक बाथरूम के बाहर पेट पकड़कर खड़ा था। उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। मयंक का अभी इलाज चल रहा है।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना सोलन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की गई। जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी निखिल संजटा को 16 अगस्त को चंबाघाट से गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें : मां चिंतपूर्णी के चमत्कार से निहाल हुआ पंजाब का भक्त, चढ़ाया 1.100 किलोग्राम चांदी का छत्र
आरोपी से पूछताछ जारी
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी को 17 अगस्त को कोर्ट में पेश करने की बात कही है।
SP सोलन ने मामले की पुष्टि की
SP सोलन SD वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान आरोपी ने तेजधार हथियार से मयंक और सारांश पर हमला किया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
