सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में ग्रेनेड मिलने से एक बार फिर हड़कंप मच गया है। नालागढ़ के दयोली गांव में पुलिस को खेत से एक और ग्रेनेड मिला है। दो दिन पहले भी यहां एक ग्रेनेड बरामद हो चुका है। मामले में अब तक पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
खेत में मिला दूसरा ग्रेनेड
जांच के दौरान बीते बुधवार को पुलिस ने आरोपी के घर के आसपास और खेत में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान घर से लगते खेत में पुलिस को एक और ग्रेनेड मिला। इससे पहले पुलिस को एक ग्रेनेड घर के पास से बरामद हुआ था। इस तरह अब तक पुलिस के हाथ दो ग्रेनेड लग चुके हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में सुबह-सवेरे हाद**सा : ऑल्टो चालक को आई नींद की झपकी, तीन बच्चों समेत 6 गंभीर
दोनों ग्रेनेड किए गए नष्ट
ग्रेनेड मिलने के बाद पुलिस ने बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया। सुरक्षा को देखते हुए दोनों ग्रेनेड को तय प्रक्रिया के तहत सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के घर और आसपास के इलाके में भी तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई और संदिग्ध सामान नहीं मिला।
पुलिस ने पति-पत्नी किए गिरफ्तार
पुलिस ने सबसे पहले मजरा निवासी रशीद मोहम्मद उर्फ बाऊ को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसकी पत्नी किरना को भी पकड़ लिया गया। दोनों से यह जानने की कोशिश की जा रही है कि उनके पास ग्रेनेड कैसे पहुंचे और इन्हें यहां कौन लेकर आया था।
यह भी पढ़ें- क्रिकेटर रेणुका को भूली सुक्खू सरकार : न 1 करोड़ मिला, न नौकरी; मां बोली- लिस्ट में नहीं बेटी का नाम
क्या है पूरा मामला?
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, सोमवार रात दयोली गांव में दो परिवारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज किया है।
मकान के पास किसने फेंकी वस्तु?
इसी विवाद के अगले दिन मंगलवार सुबह एक पक्ष ने अपने मकान की दीवार के पास ग्रेनेड जैसी दिखाई देने वाली वस्तु पड़ी होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और संदिग्ध वस्तु के आसपास किसी को जाने से रोक दिया।
यह भी पढ़ें- टांडा कॉलेज में PG डॉक्टर से बदसलूकी- स्टाफ कर्मी ने गलत तरीके से छुआ, गंदी हरकत भी की
लड़ाई में ग्रेनेड फेंकने की भी चर्चा
एक मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि लड़ाई के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ग्रेनेड फेंका था। हालांकि, पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मामला गंभीर होने के चलते पुलिस ने इसकी जांच के लिए SIT बनाई है। इसकी अगुवाई DSP नालागढ़ कर रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ग्रेनेड कहां से आए और इन्हें यहां कौन लेकर आया था।
आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस थाना नालागढ़ में 29 सितंबर को केस दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और एक्सप्लोसिव सबस्टांसेस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें- HP : अपने बेटे का जन्मतिथि तक नहीं जानता था शख्स, पत्नी पर लगाए आरोप- कोर्ट ने बुरी तरह लताड़ा
नालागढ़ में पहले भी हो चुका है ब्लास्ट
नालागढ़ में इससे पहले भी थाने के पास ब्लास्ट की घटना हो चुकी है। उस मामले की जांच NIA कर रही है और कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। ऐसे में दयोली गांव में मिले ग्रेनेड को लेकर भी पुलिस मामले को गंभीरता से जांच रही है।
