सोलन। हिमाचल प्रदेश में आए दिन महिलाओं द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के सोलन जिला से सामने आया है। यहां एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। महिला ने कीटनाशक का सेवन कर लिया था, जिससे महिला की तबीयत बिगड़ गई और उसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
पांच दिन बाद तोड़ा दम
मिली जानकारी के अनुसार सोलन जिला के सपरून क्षेत्र में एक महिला ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। जिससे महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। महिला ने जिस समय कीटनाशक का सेवन किया, उस समय वह घर में अकेली थी। जब परिजन घर पहुंचे तो उसने बताया कि उसने गलती से कीटनाशक का सेवन कर लिया है। महिला ने 29 जनवरी को कीटनाशक निगला था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: शख्स ने खेत में डाली कीटनाशक दवाई, चपेट में आ गए कई लोग
आईजीएमसी में त्यागे प्राण
जब महिला की हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे एंबुलेंस से क्षेत्रीय अस्पताल सोलन लेकर पहुंचे। जहां से पुलिस चौकी सपरून को भी मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर मामले की जानकारी जुटाई। इस दौरान महिला की गंभीर होती स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने महिला को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया। जहां बीते रोज यानी 2 फरवरी को महिला की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : बच्चों ने मां-बाप को दवा बताकर लगाई चिट्टे की लत, उजड़ रहे कई परिवार
पुलिस ने दर्ज किया मामला
आईजीएमसी से सूचना मिलते ही पुलिस चौकी सपरून की टीम भी आईजीएमसी पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। जिसमें परिजनों ने किसी तरह का किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस को देख युवक ने फेंकी पुड़िया, फरार होने से पहले हुआ गिरफ्तार
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप कर आगामी जांच शुरू कर दी है। मृतक महिला नेपाली मूल की थी। जिसकी पहचान 35 वर्षीय मन कुमारी पुत्री गुपतार सिंह ओली, निवासी गोराही ओडा नंबर 11, जिला डाग नेपाल के रूप में हुई है। महिला दिहाड़ी मजदूरी करती थी और अपने परिवार के साथ रहती थी।
