बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। ताज़ा मामला प्रदेश के जिला बिलासपुर से सामने आया है। जहां, पुलिस टीम ने फोरलेन पर बलोह टोल प्लाज़ा के पास नियमित जांच के दौरान कार में सवार एक 25 वर्षीय युवा तस्कर से भारी मात्रा में चरस की खेप बरामद की।

टोल प्लाज़ा के पास था नाका

जानकारी के अनुसार, घुमारवीं पुलिस थाना के तहत आते बलोह टोल प्लाज़ा के पास नाके के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध आल्टो कार (HP76-5796) को रोका। तलाशी के दौरान पुलिस को कार में बैठे एक युवक से 657 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसे मौके पर ही कब्जे में ले लिया गया।

यह भी पढ़ें: दो मासूमों की उजड़ी दुनिया, आंखों के सामने माता-पिता की गई जा*न

आरोपी की पहचान राहुल (25) पुत्र नरेन्द्र कुमार, निवासी कोटली, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

नशा तस्करी की रोकथाम

डीएसपी विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस लगातार नशा तस्करी की रोकथाम के लिए अभियान चला रही है, और यह सफलता उसी अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग जीरो टोलरेंस के तहत नशे के कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई कर रहा है। उनका कहना था कि नशे का जाल युवाओं को बर्बादी की ओर धकेल रहा है और इसे खत्म करने के लिए पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में फिर बदला मौसम का मिज़ाज, ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और बारिश से बढ़ी ठंड

प्रमुख मार्गों पर नाके बढ़ा दिए हैं

उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस ने फोरलेन और अन्य प्रमुख मार्गों पर नाके बढ़ा दिए हैं, ताकि नशे की किसी भी तस्करी को रोका जा सके। आने वाले समय में इस तरह की और सघन जांचें की जाएंगी ताकि बिलासपुर जिला पूरी तरह नशामुक्त बन सके। उन्होंने कहा कि अगर किसी क्षेत्र में नशे से संबंधित कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। समाज और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से ही इस बुराई को जड़ से खत्म किया जा सकता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें