शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हो चुके हैं, इसका ताजा उदाहरण भराड़ी क्षेत्र में देखने को मिला। यहां अज्ञात शातिरों ने पुलिस मुख्यालय में कार्यरत एक कर्मचारी की कार को ही आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते गाड़ी जलकर पूरी तरह राख हो गई। हैरानी की बात यह है कि वारदात पुलिस लाइन के नजदीक हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। 

पुलिस कर्मचारी की कार बनी निशाना

जानकारी के अनुसार, यह घटना 13 जुलाई 2026 की देर रात पुलिस लाइन भराड़ी के पास चैपसली स्कूल मोड़ के नजदीक हुई। यहां पुलिस मुख्यालय में कार्यरत इंद्र सिंह की कार खड़ी थी। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने कार में आग लगा दी। स्थानीय लोगों ने जब कार से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं तो तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

 

यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य के दावों की उनके ही घर में खुली पोल! एक माह में उखड़ी नई सड़क; गुणवत्ता पर सवाल

लोगों में बढ़ी चिंता

घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस कर्मचारी की कार भी सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द दोषियों को पकड़ने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पार्षद ने उठाए गंभीर सवाल

वार्ड नंबर-1 की पार्षद मीना चौहान ने इस घटना को बेहद गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि भराड़ी क्षेत्र में पिछले कुछ समय से बाहरी लोगों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। उनके मुताबिक कई लोग देर रात वाहनों में बैठकर नशा करते हैं, तेज आवाज में शोर-शराबा करते हैं और हुड़दंग मचाते हैं। इससे आसपास रहने वाले लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें : मोदी सरकार की हिमाचल को बड़ी सौगात, इस बड़ी परियोजना को दी मंजूरी, बनेंगे पुल और टनलें

पहले भी दी जा चुकी हैं शिकायतें

मीना चौहान ने बताया कि इस तरह की गतिविधियों को लेकर वह पहले भी कई बार पुलिस अधिकारियों और संबंधित चौकी में लिखित और मौखिक शिकायत कर चुकी हैं। इतना ही नहीं, चोरी और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े कुछ वीडियो भी पुलिस को सौंपे गए थे। उनका कहना है कि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं होने की वजह से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।

गश्त बढ़ाने और जांच की मांग

पार्षद ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि कार में आग लगाने वाले लोगों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही भराड़ी क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखी जाए। उनका कहना है कि ऐसा करने से भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगेगी और लोगों का पुलिस व सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा भी बना रहेगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : चलती कार पर गिरा विशालकाय पेड़, नौकरी की ज्वाइनिंग के लिए जा रहा था युवक

जांच में जुटी पुलिस 

फिलहाल पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आग लगाने वालों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी।