शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा और सख्त कर दिया है। अब पुलिस नशे का अवैध कारोबार करने वालों को पकड़ने के साथ-साथ उनकी काली कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर भी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में जिला शिमला में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा तस्करी से जुड़े लोगों की 1.38 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्तियां फ्रीज की हैं।
गाड़ी से पकड़ा था पति-पत्नी, 27 ग्राम चिट्टा बरामद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला जिला शिमला के रामपुर पुलिस थाने में दर्ज NDPS केस से जुड़ा है। पुलिस ने एक गाड़ी में सवार सोहन लाल निवासी करसोग, जिला मंडी और उसकी पत्नी गीता श्रेष्ठ को 27 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ पकड़ा था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की तलाश शुरू की।
यह भी पढ़ें : वोल्वो को बचाते अनियंत्रित हुई HRTC बस, महिलाओं-बच्चों समेत 30 थे सवार; मची चीख-पुकार
जांच में सामने आए 38 आरोपी
पुलिस ने मामले की गहराई से जांच करते हुए नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगाला। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के पुराने और आगे के संपर्कों का भी पता लगाया। जांच के दौरान इस मामले में कुल 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह भी पता लगाने की कोशिश की कि नशे का सामान कहां से आता था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाता था।
बैंक खातों से लेकर गाड़ियों तक की हुई जांच
पुलिस ने आरोपियों की कमाई और संपत्तियों का पता लगाने के लिए उनके बैंक खातों, UPI से हुए लेन-देन और इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) की जांच की। इसके अलावा राजस्व और परिवहन विभाग से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले गए। जांच में सामने आया कि छह आरोपियों और उनके छह सहयोगियों सहित कुल 12 लोगों के नाम पर नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी संपत्तियां मौजूद हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : किस्मत ने वृद्धाश्रम में मिलाए दो दिल, 63 की सबीना और 75 के कन्हैया ने लिए सात फेरे
ट्रक, टिप्पर और कारों समेत 1.38 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ईकोमेट ट्रक, एक आइशर टिप्पर, कई कारों और दो एप्पल आईफोन सहित अन्य चल संपत्तियों को फ्रीज किया है। इन सभी संपत्तियों की कुल कीमत 1.38 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को बड़ा आर्थिक झटका लगा है।
मुख्यमंत्री ने शिमला पुलिस की थपथपाई पीठ
शिमला पुलिस की इस कार्रवाई पर मुख्यमंत्री ने भी खुशी जाहिर की है। उन्होंने पूरी पुलिस टीम को बधाई देते हुए कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई जरूरी है। मुख्यमंत्री ने नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क को तोड़ने और तस्करों की अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर शिकंजा कसने के पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
