शिमला। हिमाचल प्रदेश में बढ़ती चिट्टा तस्करी के पीछे पाकिस्तान कनेक्शन का शिमला पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने पंजाब के तरणतारण जिले के सिंदवा बॉर्डर से चिट्टा तस्कर सरगना बूटा सिंह को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस के अनुसार, तरणतारण से लगे पाकिस्तान बॉर्डर से चिट्टा लाकर बूटा सिंह उसे हिमाचल प्रदेश में बेचता था।

ऐसे सामने आया पाकिस्तान कनेक्शन

असल में मार्च महीने की 13 तारीख को शिमला पुलिस ने हाटकोटी-रोहड़ू रोड पर तीन युवकों को 252 ग्राम चिट्टा और 4 लाख रुपए की नकदी के साथ पकड़ा था। इन युवकों से पूछताछ में पता चला कि वे एक बड़े तस्कर नटवर्क का हिस्सा थे, जो पाकिस्तान से नशे की सप्लाई हिमाचल तक लेकर आता था। बूटा सिंह ही बॉर्डर पार से आ रहे नशे के रैकेट का सरगना निकला।

 

यह भी पढ़ें : शो में कुर्सी को लेकर हुए विवाद में छीन ली हिमाचल के युवक की सांसें, चार गिरफ्तार

पंजाब में पहले भी पकड़ाए हैं तस्कर

शिमला पुलिस ने इससे पहले भी पाकिस्तान के बॉर्डर से लगते पंजाब के जिलों में कई तस्करों को गिरफ्तार किया है। फरवरी 2025 में गुरमीत उर्फ गुरी नाम के एक तस्कर को पाकिस्तान से लगे पंजाब के हसनवाला से गिरफ्तार किया गया था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल- उत्तराखंड सीमा पर ईद के दिन बवाल- गौवंश से जुड़ा है मामला, यहां जानें पूरी खबर

इंटरनेशनल रैकेट का सरगना है बूटा सिंह

अब पुलिस ने बताया कि बूटा सिंह एक इंटरनेशनल रैकेट का सरगना है और वह लंबे समय से शिमला के आसपास के क्षेत्रों में नशे की तस्करी में लिप्त रहा है। शिमला पुलिस ने बीते 2 साल में 1900 से ज्यादा नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें राधे गैंग, रंजन गैंग, शाही महात्मा, शाह गैंग, गुरमीत गैंग और सोनू गैंग जैसे बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ कर पुलिस ने नशा तस्करी के रैकेट की कमर तोड़ दी है।

 

यह भी पढ़ें : आश्वासन देकर भूली सुक्खू सरकार, सड़कों पर उतरे शिक्षक; कल से कक्षाओं का बहिष्कार

बैंक खातों की जांच शुरू

शिमला पुलिस अब बूटा सिंह के बैंक खातों और कॉल डिटेल को खंगाल रही है, ताकि यह पता चल पाए कि उसने बीते एक साल में किनसे लेन-देन किया और उसके संपर्क में कितने लोग हैं। पुलिस का मानना है कि बूटा सिंह के रैकेट में हिमाचल प्रदेश के कई नामचीन लोग शामिल हो सकते हैं। ऐसे में शिमला पुलिस आने वाले दिनों में कोई बड़ा खुलासा कर सकती है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें