मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में होटल के अंदर दो गुटों के बीच हुई मारपीट ने सनसनी फैला दी। मामूली कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक युवक पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सुबह करीब 9:15 बजे मिली मारपीट की सूचना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला मंडी के नगवाईं में बीते कल रविवार को पेश आया है। यहां पर एक स्थानीय व्यक्ति ने औट थाना में फोन कर होटल में कुछ लोगों के बीच झगड़ा होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम होटल पहुंची। हालांकि तब तक आरोपी वहां से निकल चुके थे। पुलिस ने तुरंत आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में भूकंप : देर रात डोली धरती, घरों से बाहर भागे लोग- क्या आपने महसूस किए झटके?

सूचना मिलते मौके पर पहुंची पुलिस 

घटना की सूचना मिलते ही औट पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को आता देख आरोपी वाहन लेकर कुल्लू की तरफ भाग निकले। पुलिस ने तुरंत उनका पीछा शुरू किया और औट के पास नाका लगाकर वाहन को रोक लिया। वाहन में सवार सातों आरोपियों को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

रॉड के हमले में रवि गंभीर, एम्स बिलासपुर रेफर

मारपीट में घायल रवि पुत्र अजमेर, निवासी गांव और डाकघर निंदाना, तहसील रोहतक, हरियाणा को अन्य घायलों के साथ नगवाईं के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। रवि की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जोनल अस्पताल कुल्लू रेफर किया। कुल्लू में जांच के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर भेज दिया गया। एक अन्य घायल का भी इलाज करवाया गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में भूकंप : देर रात डोली धरती, घरों से बाहर भागे लोग- क्या आपने महसूस किए झटके?

आरोपियों की पहचान

पुलिस ने इस मामले में अनित, प्रदीप, मनजीत, जगदीप, अंकित, मोनित और अजय को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी हरियाणा के रोहतक जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं, गंभीर रूप से घायल रवि नगवाईं में लीज पर लिए गए होटल को चलाता है।

मारपीट में इस्तेमाल हथियार भी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मारपीट में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर होटल में दोनों गुटों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में भूकंप : देर रात डोली धरती, घरों से बाहर भागे लोग- क्या आपने महसूस किए झटके?

पुरानी रंजिश का भी एंगल, CCTV खंगाल रही पुलिस

पुलिस घटना की असली वजह जानने के लिए मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही होटल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी जांच रही है।

सोमवार को कोर्ट में पेश होंगे सातों आरोपी

SP विनोद कुमार ने बताया कि सभी सात आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।