कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्कर अब अपने काले धंधे के लिए बसों का सहारा ले रहे हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता उनके मंसूबों पर पानी फेर रही है। ताजा मामला कांगड़ा जिले से सामने आया है, जहां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे की खेप के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

बस से ले जा रहे थे चरस

जानकारी के अनुसार, यह बस मनाली से चंबा होते हुए पठानकोट की ओर जा रही थी। पुलिस को पहले ही गुप्त सूचना मिल चुकी थी कि बस में सवार दो युवक भारी मात्रा में चरस लेकर जा रहे हैं और उसे आगे बेचने की योजना बना रहे हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में नकली नोटों की एंट्री, ठग ने सब्जीवाले को लगाया ₹500 का चूना

सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी

जैसे ही पुलिस को यह सूचना मिली, टीम तुरंत हरकत में आ गई। रास्ते में नाकाबंदी कर बस को रोका गया और फिर पूरी तरह से तलाशी ली गई। पुलिस की इस सतर्कता का ही नतीजा रहा कि दोनों आरोपी ज्यादा देर तक बच नहीं पाए।

तलाशी में 281 ग्राम चरस बरामद

जब पुलिस ने दोनों संदिग्ध युवकों की तलाशी ली, तो उनके पास से 281 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने बिना देरी किए दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान-

  • मनोज कुमार उम्र 35 साल निवासी गांव बैजनाथ जिला कांगड़ा
  • सुशील कुमार उम्र 37 सालनिवासी गांव बैजनाथ जिला कांगड़ा के रुप में हुई है। 

यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! अगले पांच दिन खराब रहेगा मौसम, भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी

 

NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज, जांच शुरू

इस पूरे मामले में बैजनाथ पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की विभिन्न धारोओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि यह चरस कहां से लाई गई थी और इसे किस जगह सप्लाई किया जाना था।

नेटवर्क का हो सकता है पर्दाफाश 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ एक गिरफ्तारी नहीं है, बल्कि इसके पीछे जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 8वीं पास के लिए नौकरी : 23 हजार तक मिलेगी सैलरी, यहां जानें पूरी डिटेल

नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार अभियान

जिला पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार गश्त और नाकाबंदी की जा रही है। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे ताकि इलाके में सक्रिय नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।

ड्रग तस्कर दंपती पर भी बड़ी कार्रवाई

इसी बीच पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के अवैध कारोबार में शामिल एक दंपती को भी जेल भेज दिया है। सागर शर्मा (34) और उसकी पत्नी ज्योति (38) को तीन महीने के लिए जिला जेल धर्मशाला में निवारक हिरासत में रखा गया है।

यह भी पढ़ें : उड़ता हिमाचल... चिट्टे ने उजाड़े हंसते-खेलते परिवार, 3 साल में 66 लोगों की मौ*त

पालमपुर और शाहपुर में सक्रिय था दंपती

पुलिस के अनुसार, यह दंपती पालमपुर और शाहपुर थाना क्षेत्रों में काफी समय से सक्रिय था। दोनों के खिलाफ नशे के कारोबार से जुड़े चार-चार मामले पहले से दर्ज हैं। यह दंपती मूल रूप से पडेर गांव (बल्लह) का रहने वाला है और हाल ही में विन्द्रावन में रह रहा था। पुलिस ने पहले भी इनके पास से भारी मात्रा में हेरोइन और चरस बरामद की थी।

पहले भी कई मामलों में हो चुकी गिरफ्तारी

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सागर शर्मा के खिलाफ 2023 से 2025 के बीच चिट्टा तस्करी के चार मामले दर्ज किए गए थे, जिनमें करीब 240 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। वहीं उसकी पत्नी ज्योति के खिलाफ भी 2021 से 2025 के बीच इसी तरह के चार मामले दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : नशा तस्कर पति-पत्नी गिरफ्तार, जेल में काटेंगे 3 महीने- युवाओं को सप्लाई करते थे चिट्टा

पुलिस का सख्त संदेश

इस पूरी कार्रवाई के बाद पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जो भी इस तरह के अवैध कामों में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें