शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई से आगे बढ़कर गोलीबारी तक पहुंच गई। गुस्से में एक युवक ने दूसरे पर फायरिंग कर दी, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद से लोग सहमे हुए हैं 

व्यक्ति पर हुई गोलीबारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला जिला शिमला के रामपुर बुशहर उपमंडल की ग्राम पंचायत धार गौरा के डोईगाड क्षेत्र का है। यहां एक व्यक्ति ने झाकड़ी थाना में शिकायत दर्ज करवाई है कि रविवार को उस पर जानलेवा हमला किया गया। बताया जा रहा है कि दिनदहाड़े उस पर गोली चलाई गई और उसे जान से मारने की कोशिश की गई। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: कार चालक की लापरवाही से गिरा बाइक सवार, सामने से आ रही बस ने कुचला- हुई मौ.त

क्या था मामला ? 

शिकायतकर्ता ने बताया कि 22 फरवरी को वह अपने साथियों अनिल कुमार, सुमित और पियूष के साथ ऑल्टो कार में गांव शनेरी से अपने घर कोटी लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले उन्होंने सुरेश कुमार शर्मा, निवासी गांव फुंजा, से अपने उधार दिए गए पैसों की मांग की थी।

आमने सामने आए दोनों पक्ष

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि 22 फरवरी को करीब साढ़े 11 बजे दिन में डोई गॉड (नाले) के पास दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर बात इतनी बढ़ गई कि हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि इसी दौरान सुरेश कुमार शर्मा ने अपनी गाड़ी में रखा आग्नेयास्त्र निकाला और गुस्से में आकर राजेश डोगरा पर फायरिंग कर दी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : रेहड़ी की आड़ में चला रहा था चिट्टे का धंधा, पुलिस ने बस अड्डे से दबोचा तस्कर

युवक को लगी चोट 

उस समय राजेश अपनी कार की चालक सीट पर बैठे हुए थे। गोली कार की चालक सीट के पीछे वाली खिड़की के शीशे से टकराई, जिससे शीशा टूट गया। टूटे हुए शीशे का एक छोटा टुकड़ा राजेश को लगा, लेकिन सौभाग्य से उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। अगर गोली सीधे लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी घबरा गए।

आरोपी को किया गिरफ्तार 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और उसी रात आरोपी सुरेश कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को 23 फरवरी को माननीय न्यायालय रामपुर में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज- ऊंचे इलाकों में आज बर्फबारी के आसार, जानें इस हफ्ते का अपडेट

SFSL टीम ने लिया घटनास्थल का जायजा 

मामले की गंभीरता को देखते हुए SFSL जुंगा की विशेषज्ञ टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि जांच को मजबूत किया जा सके। पुलिस आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है।

निष्पक्ष होगी जांच 

DSP रामपुर नरेश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और जांच निष्पक्ष ढंग से की जा रही है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। लोग दिनदहाड़े हुई फायरिंग से हैरान हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें