#विविध
February 23, 2026
हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज- ऊंचे इलाकों में आज बर्फबारी के आसार, जानें इस हफ्ते का अपडेट
फरवरी में 81% कम बारिश ने बढ़ाई चिंता
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल के ऊंचे पहाड़ आज बादलों की हलचल महसूस कर सकते हैं, लेकिन यह राहत ज्यादा देर की नहीं होगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि जहां ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, वहीं बाकी प्रदेश में आसमान साफ रहेगा। खास बात यह है कि तापमान में अप्रत्याशित बढ़ोतरी और फरवरी में बेहद कम बारिश ने मौसम के मिजाज को असामान्य बना दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार आज अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों जैसे केलांग, कल्पा और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। हालांकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि 24 फरवरी से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और 28 फरवरी तक धूप खिलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बच्चा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़- 3 अरेस्ट, एक नवजात का रेस्क्यू- पंजाब तक फैला है जाल
राजधानी शिमला समेत अधिकतर शहरों में आसमान साफ रहने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन तापमान में हो रही असामान्य बढ़ोतरी ने चिंता भी बढ़ा दी है।
प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 2.3 डिग्री ऊपर चल रहा है। सबसे अधिक उछाल कल्पा में दर्ज हुआ, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 7.8 डिग्री बढ़कर 15.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
यह भी पढ़ें :हिमाचल : घर में तोड़फोड़ का काम बना काल- खेलते बच्चे पर गिरी ईंट, अस्पताल में तोड़ा दम
मनाली में अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री, कांगड़ा में 25.0 डिग्री और भुंतर में 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं केलांग का पारा 6.1 डिग्री तक पहुंच गया है, जो सामान्य से 7.1 डिग्री अधिक है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
फरवरी महीने में प्रदेश में सामान्य से 81 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। 1 से 22 फरवरी के बीच जहां औसतन 75.5 मिलीमीटर बारिश होती है, इस बार केवल 14.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।सोलन में 94 प्रतिशत, सिरमौर में 93 प्रतिशत, ऊना में 92 प्रतिशत और बिलासपुर में 91 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सुनसान जगह खड़ी कार में 2 युवतियों संग मिला एक युवक, बड़े गिरोह का हुआ पर्दाफाश
सिर्फ फरवरी ही नहीं, बल्कि 1 जनवरी से 22 फरवरी तक के विंटर सीजन में भी सामान्य से 37 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। सामान्य तौर पर इस अवधि में 160.8 मिलीमीटर वर्षा होती है, लेकिन इस बार केवल 101.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार कम बारिश और बढ़ते तापमान ने हिमाचल के मौसम में असंतुलन के संकेत दे दिए हैं। अगर यही स्थिति बनी रही तो आने वाले महीनों में जल स्रोतों और कृषि पर इसका असर साफ दिख सकता है।