कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर की CIA टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने थाना डमटाल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए लाखों का चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में पंजाब के रहने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पंजाब से नशे की खेप लेकर आ रहे थे आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते कल मंगलवार को CIA की टीम इलाके में नियमित गश्त और नशे की रोकथाम के लिए मौजूद थी। आने-जाने वाले सभी लोगों और वाहनों पर नजर रखी जा रही थी। इस दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि अमृतसर से एक स्विफ्ट कार में तीन लोग भारी मात्रा में चिट्टा लेकर भदरोआ, कंडवाल और आसपास के इलाकों में सप्लाई करने आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बड़ी चोरी का खुलासा, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार; लाखों का सोना-चांदी, नकदी बरामद
नाकाबंदी कर स्विफ्ट कार को रोका
सूचना मिलते ही पुलिस ने भदरोआ के पास वन विभाग के विश्राम गृह के नजदीक नाकाबंदी कर दी और कड़ी निगरानी बना रखी। कुछ देर बाद संदिग्ध स्विफ्ट कार वहां पहुंची तो पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान पीछे की सीट पर बैठे आरोपी कुनाल अरोड़ा के काले रंग के स्लिंग बैग से 274 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही नशीला पदार्थ और कार दोनों को कब्जे में ले लिया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस ने थाना डमटाल में NDPS एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत केस दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुनाल अरोड़ा निवासी अमृतसर, हैरी निवासी बटाला (जिला गुरदासपुर) और मोहित कुमार निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस के सामने ही शख्स पर किए कु*ल्हाड़ी से कई वार, निकला पुराना कनेक्शन- जानें
अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह मामला अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी जांच लगातार जारी है।
