सोलन। हिमाचल प्रदेश में अपराध के बढ़ते मामलों ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खासकर औद्योगिक क्षेत्रों में मारपीट, हत्या और हिंसक घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला से सामने आया है, जहां मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सिर पर भारी वस्तु से हमला कर 28 वर्षीय प्रवासी युवक की हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह शिव मंदिर के पास युवक का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

आपसी विवाद ने ली युवक की जान

मृतक की पहचान 28 वर्षीय आशुतोष कुमार गौरव पुत्र अजीत कुमार, निवासी गांव बौलिया नौहटा, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। वह बरोटीवाला की एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत था और अपने परिवार के साथ लोअर भटेड़ गांव में किराये के मकान में रहता था।

 

यह भी पढ़ें : सोलन MC चुनाव में भाजपा का बड़ा दांव: निर्दलीय को सौंपी डिप्टी मेयर की कुर्सी, सुषमा शर्मा बनी मेयर

 

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार बुधवार देर रात आशुतोष का कुछ लोगों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।

सुबह मंदिर के पास मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

गुरुवार सुबह स्थानीय लोग जब शिव मंदिर के पास पहुंचे तो युवक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही थाना बरोटीवाला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सील कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: करंट ने छीन लिया परिवार का इकलौता सहारा, काम करते 45 वर्षीय प्लंबर की मौ*त

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जबकि सीसीटीवी फुटेज और साइबर टीम की मदद से भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

दो संदिग्ध हिरासत में

बद्दी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर दिशा से पड़ताल की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें