सोलन। हिमाचल प्रदेश में बीते कुछ समय से अनैतिक गतिविधियों और संगठित अपराध के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। खासकर औद्योगिक क्षेत्रों में स्पा सेंटरों और मसाज पार्लरों की आड़ में चल रहे अवैध धंधे पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं। इसी कड़ी में सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
बद्दी में एक साथ चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी
बद्दी के दावत चौक स्थित बिग बी कॉम्प्लेक्स में पुलिस ने एक साथ चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को जानकारी मिल रही थी कि इन स्पा सेंटरों में मसाज की आड़ में अवैध देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू के राज में मौज! आर्थिक संकट के बीच केरल टूर पर APMC टीम, विपक्ष ने बताया फिजूलखर्ची
17 युवतियां रेस्क्यू, 6 आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चारों स्पा सेंटरों से कुल 17 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। पुलिस प्रशासन अब आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद इन युवतियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर रहा है। वहीं, इस अवैध गतिविधि में संलिप्त 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
गुप्त सूचनाओं के बाद बनाई गई थी विशेष टीम
पुलिस के अनुसार पिछले कुछ समय से बद्दी क्षेत्र में संचालित कुछ स्पा सेंटरों को लेकर लगातार शिकायतें और गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। रणनीति के तहत अलग-अलग पुलिस टीमों ने एक साथ दबिश दी, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया और आरोपियों को भागने का मौका नहीं मिल सका।
यह भी पढ़ें : मंडी शिवरात्रि : बाबा भूतनाथ के दर्शन के लिए खुले कपाट, इतिहास में पहली बार होगा कुछ ऐसा- जानें
अनैतिक व्यापार अधिनियम के तहत केस दर्ज
पुलिस ने इस मामले में पुलिस थाना बद्दी में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत चार अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इन स्पा सेंटरों का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
एसपी बोले- अवैध गतिविधियां बर्दाश्त नहीं
मामले की पुष्टि करते हुए विनोद धीमान ने कहा कि बद्दी पुलिस जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि इस तरह के अनैतिक कार्यों में शामिल लोगों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि औद्योगिक क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बनी रहे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 10 साल पहले की लव मैरिज, अब प्रेमी पति ने पेट्रोल छिड़क लगाई तिली; घर में रह गए दो मासूम
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर इसी तरह की कार्रवाई दोहराई जाएगी। स्पा सेंटरों और मसाज पार्लरों की नियमित जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।
