#धर्म

February 14, 2026

मंडी शिवरात्रि : बाबा भूतनाथ के दर्शन के लिए खुले कपाट, इतिहास में पहली बार होगा कुछ ऐसा- जानें

500वें स्थापना वर्ष में मंडी की शिवरात्रि, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

शेयर करें:

shivratri mahotsav

मंडी। हिमाचल प्रदेश की छोटी काशी कहे जाने वाले मंडी में 7 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ कल से होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक महापर्व में इस वर्ष कुल 216 पंजीकृत देवी-देवता भाग लेंगे। महोत्सव से पहले ही देव समागम का सिलसिला शुरू हो जाएगा। आज कमरुनाग देव के मंडी पहुंचने के साथ ही छोटी काशी पूरी तरह भक्ति और आस्था के रंग में रंग चुकी है।

देवताओं के आगमन और शिवरात्रि की तैयारियों को लेकर शहर में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिरों, गलियों और घाटों में रौनक बढ़ गई है और श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो चुकी है।

बाबा भूतनाथ मंदिर में विशेष अनुष्ठान

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव से पहले बाबा भूतनाथ मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। शिवलिंग पर चढ़ाए गए दो क्विंटल से अधिक माखन का लेप शनिवार मध्यरात्रि हटाया गया। इसके बाद महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार सुबह चार बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए। करीब एक महीने बाद भक्त बाबा भूतनाथ के वास्तविक स्वरूप में दर्शन कर रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 10 साल पहले की लव मैरिज, अब प्रेमी पति ने पेट्रोल छिड़क लगाई तिली; घर में रह गए दो मासूम

 

महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर परिसर में हल्दी, मेहंदी और पारंपरिक विवाह रस्में निभाई जा रही हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

 

इतिहास में पहली बार डिप्टी सीएम करेंगे शुभारंभ

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा, जब इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री नहीं करेंगे। इस बार परंपरा में बदलाव करते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। अब तक की परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री उद्घाटन और राज्यपाल समापन समारोह में शामिल होते रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें : सियासी अखाड़ा बनी सर्वदलीय बैठक: BJP का वॉकआउट, बोले-केंद्र पर फोड़ रहे "मिस मैनेजमेंट" का ठिकरा

कल माधव राय मंदिर से होगा औपचारिक आगाज

महोत्सव की शुरुआत कल माधव राय मंदिर के प्राचीन हवन कुंड में उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन की पूजा-अर्चना से होगी। इसके बाद टारना माता मंदिर में विराजमान बड़ा देव कमरुनाग की पूजा कर शिवरात्रि के दौरान वर्षा न होने की कामना की जाएगी।

यह भी पढ़ें: विदेश में चमका पहाड़ी बॉय सुनील, पैरा एथलेटिक्स में दूसरा पदक जीत बढ़ाया हिमाचल का मान

राज माधव राय मंदिर परिसर से लघु जलेब निकाली जाएगी, जिसमें राज माधव राय की पालकी छह देवी-देवताओं के साथ बाबा भूतनाथ मंदिर पहुंचेगी। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन यज्ञ के साथ महोत्सव का औपचारिक आगाज होगा।

सोमवार को निकलेगी बड़ी जलेब

सोमवार, 16 फरवरी को ऐतिहासिक बड़ी जलेब निकाली जाएगी। इसी के साथ उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। महोत्सव के दौरान छह सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें इस बार पहाड़ी कलाकारों को विशेष प्राथमिकता दी गई है।

शिवरात्रि महोत्सव के दौरान दो बार शिव की बारात भी निकाली जाएगी। पहली बारात कल ब्यास घाट से बाबा भूतनाथ मंदिर तक पहुंचेगी, जबकि दूसरी बारात 20 फरवरी को धूमधाम से निकाली जाएगी।

500वें स्थापना वर्ष पर विशेष आयोजन

उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि ऐतिहासिक मंडी नगर अपनी स्थापना के 500वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस उपलक्ष्य में दो बार ब्यास आरती का आयोजन किया जाएगा। आरती के लिए बनारस से पांच विद्वान पंडित आमंत्रित किए गए हैं।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे आयोजन में 750 पुलिस जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा 270 स्थायी और 46 अस्थायी सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे शहर पर नजर रखी जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख