कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के आनी में हाल ही में एक 24 वर्षीय युवक की नशे की ओवरडोज के कारण मौत हो गई थी। जिसके बाद मृतक की मां ने उसके तीन दोस्तों के खिलाफ पुलिस में जाकर शिकायत दर्ज करवाई थी। वहीं, पुलिस ने मां की शिकायत पर इन तीन दोस्तों को गिरफ्तार किया है और आगामी जांच जारी है।
मां ने लगाए थे गंभीर आरोप
मृतक की पहचान राहुल ठाकुर के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। राहुल की मां ने अपने बेटे की मौत के लिए राहुल के दोस्तों पर लापरवाही का आरोप लगाया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए यह गिरफ्तारी की है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में इस देवी स्थान पर चारों ओर रक्षक बनकर विराजते हैं भगवान शिव
मृतक की मां ने पुलिस में की थी शिकायत
मृतक राहुल ठाकुर की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके बेटे की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई। महिला का कहना था कि उन्हें जानकारी मिली थी कि राहुल ने लूहरी मोड़ पर किसी व्यक्ति से चिट्टा खरीदा था और इसके बाद उसने अपने दोस्तों के साथ गाड़ी में बैठकर नशीले पदार्थ का सेवन किया।
बच सकता था राहुल
राहुल के दोस्तों में क्षितिज वर्मा और विनय ठाकुर भी शामिल थे। महिला ने आरोप लगाया कि अगर राहुल के दोस्तों ने उसकी तबीयत बिगड़ने पर तुरंत पुलिस को फोन किया होता या उसे अस्पताल ले जाते, तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : गहरी खाई में गिरा ट्रक, उजड़ गए दो परिवार; मची चीख-पुकार
तीन युवकों की गिरफ्तारी, एक को पुलिस रिमांड
आनी पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। DSP आनी चंद्रशेखर कायथ ने बताया कि गुड्डू राम (33 साल) निवासी बैहना पंचायत के लुहरी को धारा 105 के तहत गिरफ्तार किया गया। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिनों के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। वहीं, दो अन्य आरोपी—क्षितिज वर्मा (24 साल) और विनय ठाकुर (27 साल)—को धारा 106(1), 3(5) के तहत गिरफ्तार किया गया। इन दोनों आरोपियों को न्यायालय से जमानत मिल गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बन रहे सूखे जैसे हालात, तापमान में भी उछाल; जानें कब होगी बारिश-बर्फबारी
चिट्टा सप्लायर से पूछताछ जारी
DSP आनी चंद्रशेखर कायथ ने बताया कि गुड्डू राम, जो कि चिट्टा सप्लायर बताया जा रहा है, से गहनता से पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कड़ी सजा दिलवाने के लिए पूरी कोशिश की जाएगी।
