कांगड़ा। नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने की दिशा में हिमाचल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। चिट्टे के कारोबार में अक्सर पर्दे के पीछे रहने वाले चेहरों तक पहुंचते हुए पुलिस ने इस बार उस कड़ी को पकड़ लिया है, जो नशे की खेप को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभाल रही थी। 75 ग्राम चिट्टा मामले में अब मुख्य महिला सप्लायर की गिरफ्तारी ने पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने की उम्मीद बढ़ा दी है।
75 ग्राम चिट्टा केस में पुलिस को बड़ी सफलता
बता दें कि कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 75 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) तस्करी मामले में मुख्य महिला सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी पुलिस की गहन जांच और तकनीकी विश्लेषण का नतीजा मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें : 'जी-राम-जी’ बिल पर सांसद अनुराग बोले- रोजगार बढ़ने से कांग्रेस को दिक्कत, फैला रहे अफवाहें
गुप्त सूचना पर हुई थी नाकाबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 दिसंबर 2025 को जिला कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शाहपुर के सारनू क्षेत्र में नाकाबंदी की थी। इस दौरान एक संदिग्ध गाड़ी को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से 75 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
पंजाब के तीन युवक मौके से गिरफ्तार
मौके पर पुलिस ने अमृतसर (पंजाब) निवासी तीन युवकों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों की पहचान
- विक्की
- संदीप सिंह
- विशाल सिंह
के रूप में हुई है। तीनों आरोपी संत नगर बैरका, तहसील व जिला अमृतसर के रहने वाले हैं।
यह भी पढ़ें : जयराम ठाकुर का तंज- तीन साल कर्ज के सहारे चली सत्ता, सुक्खू सरकार के सभी दावे फेल
पूछताछ में सामने आया सप्लाई नेटवर्क
पुलिस थाना शाहपुर में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ, मोबाइल डाटा, कॉल डिटेल और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री की जांच में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे। जांच में खुलासा हुआ कि बरामद चिट्टा पालमपुर क्षेत्र में एक महिला तस्कर को सप्लाई किया जाना था।
पालमपुर से मुख्य महिला सप्लायर गिरफ्तार
जानकारी सामने आने के बाद कांगड़ा पुलिस ने तुरंत विशेष टीम का गठन किया। 20 दिसंबर 2025 को टीम ने पालमपुर के विन्द्रावन क्षेत्र में दबिश दी और मुख्य महिला तस्कर ज्योति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ज्योति गांव व डाकघर विन्द्रावन, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा की रहने वाली है।
आगे भी हो सकती हैं गिरफ्तारियां
पुलिस का कहना है कि मामले में सप्लाई चेन के अन्य लिंक खंगाले जा रहे हैं। यह जांच की जा रही है कि चिट्टा कहां से लाया गया था और आगे किन इलाकों में इसकी सप्लाई होनी थी। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
