कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में नशा अब सिर्फ कानून-व्यवस्था का मामला नहीं रह गया है, यह समाज के भविष्य पर सीधा हमला बनता जा रहा है। पहाड़ों की शांत वादियों में पलने वाले युवा आज नशे की गिरफ्त में फंसकर अपनी ज़िंदगी, परिवार और भविष्य तीनों को दांव पर लगा रहे हैं। पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन हर गिरफ्तारी यह सवाल छोड़ जाती है कि आखिर युवा इस रास्ते पर क्यों और कैसे पहुंच रहे हैं।

 

नाकाबंदी के दौरान पकड़े गए आरोपी


नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नूरपुर पुलिस की टीम ने सोमवार को सदवां चौक पर नाकाबंदी और वाहन जांच के दौरान बड़ी सफलता हासिल की। जांच के दौरान एक बाइक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन बाइक पर सवार दो युवकों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया।

 

यह भी पढ़ें :  CM सुक्खू बोले- अभी कमियां गिनने का वक्त नहीं, हिमाचल के हक के लिए एकजुट हो विपक्ष

 

तलाशी में 717 ग्राम चरस बरामद


पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान बाइक सवार एक युवक के बैग से 717 ग्राम चरस बरामद की गई। बरामदगी के बाद दोनों युवकों को तुरंत हिरासत में लिया गया और मामले की जांच शुरू की गई।

 

यह भी पढ़ें :  हिमाचल में बदला मौसम: आसमान में उमड़े बादल, इन जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट- जानें

 

चंबा जिले के रहने वाले हैं दोनों आरोपी


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लाल हुसैन निवासी गांव मलेठी, डाकघर सिल्लाघराट जिला चंबा और मोहम्मद शरीफ निवासी गांव भलू, डाकघर सिल्लाघराट जिला चंबा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक चरस को बाइक के जरिए ले जा रहे थे।

 

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज


इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

 

यह भी पढ़ें :  हिमाचल में डॉक्टरों का कमाल : बिना चीर-फाड़ कर बचाई 2 मरीजों की जान, PGI का झंझट खत्म

 

नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी


पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। युवाओं से अपील की गई है कि वे नशे से दूर रहें और अपने भविष्य को बर्बाद होने से बचाएं। साथ ही आम जनता से भी आग्रह किया गया है कि नशे से जुड़े किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें