#विविध
February 17, 2026
हिमाचल में बदला मौसम: आसमान में उमड़े बादल, इन जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट- जानें
वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर, हिमाचल में 22 फरवरी तक मौसम शुष्क
शेयर करें:

शिमला। समय से पहले चढ़ती गर्माहट और सूखे आसमान ने हिमाचल के मौसम की चाल बदल दी है। फरवरी अभी आधी भी नहीं बीती, लेकिन पहाड़ों में धूप का तेवर कुछ ऐसा है कि सर्दी की विदाई पहले ही महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के ताज़ा संकेत बताते हैं कि आने वाले दिन भी राहत नहीं, बल्कि तापमान में और उछाल लेकर आ सकते हैं।
आज पूरे प्रदेश में साफ रहेगा मौसम
मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। राजधानी शिमला समेत अधिकांश हिस्सों में सोमवार को भी धूप खिली रही। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिलहाल किसी बड़े सिस्टम का असर नहीं दिख रहा है, जिससे आम जनजीवन और पर्यटन गतिविधियां सामान्य बनी हुई हैं।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू बोले- अभी कमियां गिनने का वक्त नहीं, हिमाचल के हक के लिए एकजुट हो विपक्ष
ऊंची चोटियों पर हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति की अधिक ऊंची चोटियों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। हालांकि निचले और मध्यम क्षेत्रों में मौसम साफ ही रहेगा। इसके बाद 22 फरवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं।
विंटर सीजन में बारिश का बड़ा घाटा
इस बार सर्दियों के मौसम में हिमाचल को सामान्य से काफी कम बारिश मिली है। एक जनवरी से 16 फरवरी के बीच जहां औसतन 139.2 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, वहीं अब तक केवल 101.9 मिलीमीटर वर्षा ही दर्ज की गई है। यानी प्रदेश में कुल मिलाकर 27 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में स्मार्ट मीटर का एक और बड़ा झटका, 20 दिन का आया एक लाख बिजली बिल; उड़े होश
चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी, शिमला और सिरमौर जैसे जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है, जबकि बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और ऊना में औसत से अधिक बारिश दर्ज की गई।
फरवरी में ही बढ़ी गर्मी
फरवरी के महीने में ही गर्मी का अहसास होने लगा है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5.6 डिग्री सेल्सियस ऊपर चला गया है। कल्पा में तापमान में सबसे ज्यादा उछाल दर्ज हुआ, जहां पारा 15 डिग्री के पार पहुंच गया। कांगड़ा, भुंतर, शिमला, ऊना और मनाली जैसे इलाकों में भी तापमान सामान्य से 5 से 9 डिग्री तक अधिक रिकॉर्ड किया गया है। न्यूनतम तापमान भी अधिकतर क्षेत्रों में सामान्य से ऊपर बना हुआ है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल BREAKING- पशु मित्र भर्ती पर सरकार ने लगाई ब्रेक, विवाद के बाद रोकी प्रक्रिया
वेस्टर्न डिस्टरबेंस बिना बरसे कमजोर पड़ा
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आने वाले पांच से छह दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। कारण यह है कि सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ रहा है और बिना खास असर डाले आगे निकल जा रहा है। दो दिन पहले जहां ऊंचे पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी के संकेत थे, वहीं अब ताज़ा बुलेटिन में पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की बात कही गई है।
पर्यटन पर मौसम का असर, पहाड़ों में चहल-पहल
कुल्लू और लाहौल-स्पीति में साफ मौसम के बीच पर्यटक मनाली, सोलंगनाला और अटल टनल रोहतांग के आसपास बर्फ का आनंद लेते नजर आए। अटल टनल के रास्ते करीब 24 दिन बाद बस सेवा भी शुरू की गई, हालांकि उदयपुर-केलांग मार्ग पर कुछ स्थानों पर जमी बर्फ के कारण बस को वापस मोड़ना पड़ा।