कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला स्थित बैजनाथ थाना क्षेत्र से दर्दनाक खबर सामने आई है। पपरोला के वार्ड नंबर-7 में एक दंपती ने बुधवार सुबह जहरीला पदार्थ निगल लिया। इसमें पति नितिन कुमार की मौत हो गई, जबकि पत्नी सोनू की हालत गंभीर है और उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
कोर्ट के समन ने बढ़ाई घबराहट
बैजनाथ थाना के जांच अधिकारी हरि सिंह के अनुसार, दंपती को बुधवार सुबह ही किसी मामले को लेकर कोर्ट समन मिला था। इसी घबराहट में दोनों ने आत्महत्या का कदम उठाया। नितिन के पिता कृष्ण चंद ने बताया कि समन मिलते ही दोनों के हाथ-पैर फूल गए और कुछ ही देर बाद उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ठंड ने पकड़ी रफ्तार : घने कोहरे का अलर्ट जारी, कब होगी बारिश-बर्फबारी; जानें
कर्ज और आर्थिक दबाव ले गया जान
नितिन राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर जूस और लेमन सोडा की रेहड़ी लगाकर परिवार चलाता था। कुछ समय पहले पुराने घर को बेचकर और बैंक से कर्ज लेकर दंपती ने रेलवे पुल के पास नया मकान बनवाया था। परंतु कर्ज चुकता न होने से ब्याज बढ़ता गया और आर्थिक बोझ बढ़ता गया। इसी तनाव के बीच कोर्ट समन मिलना उनकी परेशानी का अंतिम वार साबित हुआ।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष पद का चेहरा साफ: मंत्री ने किया खुलासा- राठौर को सौंपी जाएगी कमान!
दंपती के हैं 2 बच्चे
दंपती के दो बच्चे हैं। जिनमें से एक पांचवीं में, दूसरा दूसरी कक्षा में पढ़ता है। परिवार पर अचानक आए इस हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है। वहीं, इस घटना के बाद पूरे परिवार और रिश्तेदारों को झटका लगा है।
एक महीने में चौथा मामला
बैजनाथ थाना क्षेत्र में जहरीला पदार्थ निगलने का यह पिछले एक माह में चौथा मामला है।
- 15 अक्टूबर: टिकरी डूहकी के दंपती ने हरबसाइड सॉल्यूशन निगला, पत्नी की मौत।
- 21 अक्टूबर: कुदैल गांव के दंपती ने तनाव में जहर लिया
- 28 अक्टूबर: घोडपीठ की महिला ने बीमारी से परेशान होकर जहर खाया।
लगातार बढ़ते ये मामले इस क्षेत्र में मानसिक और आर्थिक तनाव की खतरनाक स्थिति की ओर इशारा कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
