सिरमौर। बुढ़ापे में जिन अपनों से सहारे की उम्मीद होती है, अगर वही मुसीबत की वजह बन जाएं तो मामला बेहद दुखद हो जाता है। ऐसा ही एक मामला सिरमौर जिले के नाहन के कच्चा टैंक इलाके से सामने आया है। यहां 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट के आरोप लगे हैं। महिला के बेटे ने अपनी पत्नी और दोनों बेटों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी, जिसके बाद तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बहू और दो पोतों पर मारपीट के आरोप
जानकारी के मुताबिक, कच्चा टैंक की रहने वाली 85 वर्षीय निर्मला देवी के साथ शाम के समय मारपीट हुई। आरोप है कि उनकी बहू रमन और दोनों पोते केशव व रुद्राक्ष ने उनके साथ हाथापाई की। घटना की जानकारी जब उनके बेटे संदीप अग्रवाल को मिली तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : दूसरे आदमी के साथ रह रही पत्नी, पति के हक में कोर्ट का फैसला- नहीं देना पड़ेगा खर्चा
बेटे ने पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत
संदीप अग्रवाल ने कच्चा टैंक पुलिस चौकी में अपनी पत्नी और दोनों बेटों के खिलाफ लिखित शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद बुजुर्ग महिला को इलाज और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में हुआ बुजुर्ग महिला का मेडिकल
नाहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में डॉक्टरों ने निर्मला देवी का मेडिकल किया। मेडिकल के जरिए महिला को लगी चोटों की जानकारी दर्ज की गई। अब पुलिस शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में गजब! घर पर खड़ी स्कूटी का कट गया चालान, मैसेज देख उड़े मालिक के होश
पुलिस पता लगा रही मारपीट की वजह
पुलिस के मुताबिक, शिकायत में बहू और दोनों पोतों पर बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर घटना के समय क्या हुआ था और मारपीट किस वजह से हुई। मामले में शामिल लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
SP सिरमौर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि संदीप अग्रवाल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बुजुर्ग महिला का मेडिकल करवाया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
